September 29, 2025

गायों की मौत पर कांग्रेस का BJP सरकार पर हमला, बोले– दो साल में 5 लाख गायें गायब


रायपुर। लगातार हो रही गायों की मौत को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राजीव भवन में पत्रकार वार्ता कर भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार आने के बाद करीब 5 लाख गोवंश गायब हो गए हैं, जबकि 2500 से ज्यादा गायें भूख, दुर्घटना और जहरीले पदार्थ खाने से मर चुकी हैं।

बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा ने कांग्रेस सरकार की गौठान और गोबर खरीदी योजना बिना विकल्प के बंद कर दी, जिससे चारे-पानी के अभाव में बड़ी संख्या में गायें दम तोड़ रही हैं। सिर्फ रायपुर जिले के समोदा गौठान में डेढ़ दर्जन मृत गायों के अवशेष पड़े हैं, वहीं गुल्लू और मोहरा गांव में भी दर्जनों गायें भूख से मर चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि सड़कों पर दुर्घटनाओं में पौने दो साल में 850 से ज्यादा गायें कुचल कर मारी गईं, जबकि 1200 से अधिक भूख से और 200 से ज्यादा जहरीला पदार्थ खाने से मर गईं। हाल ही में बिलासपुर-रतनपुर हाईवे पर ट्रक और कंटेनर की चपेट में आकर 27 गायों की मौत हुई थी। अगस्त में ही 3 अलग-अलग हादसों में 90 गायों की मौत पर हाईकोर्ट ने फटकार लगाई थी।

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने गौठान बंद कर गोवंश की तस्करी को बढ़ावा दिया। उन्होंने दावा किया कि गायों को यूपी-महाराष्ट्र के स्लॉटर हाउस भेजा जा रहा है। मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए बैज ने कहा कि भारत बीफ निर्यात में ब्राजील के बाद दूसरे नंबर पर पहुंच गया है, और हर साल 4.3 अरब डॉलर कमा रहा है।

बैज ने मांग की कि प्रदेश सरकार स्पष्ट करे कि पिछले पौने दो साल में 5 लाख से ज्यादा गायें कहां गईं। साथ ही कांग्रेस ने 2023 के पहले की सभी 10,800 गौठानों को पुनः शुरू करने और चारा-पानी की सुरक्षित व्यवस्था करने की मांग की है।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch