नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज, रविवार (21 सितंबर, 2025), राष्ट्र को संबोधित करते हुए सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं और कहा कि कल सोमवार (22 सितंबर, 2025) से देश में GST सुधार लागू होगा और देशभर में 'GST बचत उत्सव' शुरू होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा, “त्योहार के इस सीजन में देश के सभी परिवारों का भला होने जा रहा है। यह भारत की ग्रोथ स्टोरी को तेजी से आगे बढ़ाएगा। GST सुधार आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे देश के सभी वर्गों को फायदा होगा।”
पीएम मोदी ने बताया कि पहले की टैक्स प्रणाली में कई तरह के टैक्स लगते थे, जिससे आम नागरिक को नुकसान होता था। उन्होंने कहा, “हमने जनहित में जीएसटी लागू किया और अब देश दर्जनों टैक्स के जाल से मुक्त हो गया है। वन नेशन वन टैक्स का सपना साकार हो गया है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस GST बचत उत्सव के चलते आम नागरिकों की बचत बढ़ेगी और वे आसानी से खरीदारी कर सकेंगे। इससे मध्यम वर्ग, महिलाएं, छात्र और उद्यमी सभी लाभान्वित होंगे और निवेश को भी आकर्षक बनाया जाएगा।