नई दिल्ली। आगामी नवंबर में बिहार विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने मतगणना प्रक्रिया में नया बदलाव किया है। अब किसी भी मतदान केंद्र पर ईवीएम (EVM) तभी खोली जाएगी जब पोस्टल बैलेट की गिनती पूरी हो जाएगी।
चुनाव आयोग ने यह कदम मतगणना में पारदर्शिता बढ़ाने और प्रक्रिया में सुधार लाने के लिए उठाया है। पहले ऐसा होता था कि पोस्टल बैलेट की गिनती पूरी होने से पहले भी ईवीएम खोल दी जाती थी। नए आदेश के अनुसार अब सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती पूरी की जाएगी, इसके बाद ही ईवीएम की गणना शुरू होगी।
पोस्टल बैलेट उन मतदाताओं के लिए है जो अपने चुनाव क्षेत्र में मतदान नहीं कर सकते, जैसे नौकरी या अन्य कारणों से बाहर रहने वाले लोग।
80 वर्ष से ऊपर के वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांग व्यक्ति भी पोस्टल बैलेट के जरिए वोट डालते हैं।
इन्हें मतदान के लिए पहले रजिस्ट्रेशन कराना होता है।
चुनाव आयोग ने कहा है कि यदि किसी जगह पोस्टल बैलेट ज्यादा हों, तो अतिरिक्त टेबल और स्टाफ की व्यवस्था की जाएगी, ताकि गणना में कोई देरी न हो।
हाल के महीनों में विपक्ष और अन्य नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया पर कई आरोप लगाए। आयोग ने कहा कि नए बदलाव मतगणना में पारदर्शिता और भरोसे को बढ़ाने के लिए किए गए हैं।