उत्तर प्रदेश के झांसी से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है. जिले के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के NICU में अचानक आग लगने से 10 नवजात शिशुओं की मौत हो गई. जबकि, 47 के करीब नवजात बच्चों को रेस्क्यू कर बचा लिया गया. झांसी के इस बाल चिकित्सा वार्ड (एसएनसीयू) में शुक्रवार की देर रात यह हादसा हुआ. फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची. घटना का जानकारी मिलते ही सीएम योगी आदित्यनाथ (Yogi Aadityanath) के निर्देश पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव घटनास्थल के लिए रवाना हो गए.
अधिकारियों ने कही ये बात
इस घटना को लेकर झांसी के जिला अधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि कॉलेज के एनआईसीयू (शिशु वार्ड) में अंदर की यूनिट में शुक्रवार रात 10.30 से 10.45 बजे के बीच आग लगी थी. अंदर की यूनिट में ज्यादा गंभीर रूप से बीमार बच्चे थे, जबकि बाहर की यूनिट में कम गंभीर रूप से बीमार बच्चे थे. उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना में 10 बच्चों की मौत हुई. झांसी मंडल के कमिश्नर बिमल कुमार दुबे ने बताया कि घटना के समय वार्ड में 54-55 बच्चे भर्ती थे. घायल बच्चों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. झांसी मंडल के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है.
वार्ड में मौजूद लोगों ने बताई आग लगने की वजह
उस समय वार्ड में मौजूद कर्मचारियों का कहना है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी. जिलाधिकारी ने कहा कि बाहर की यूनिट के सभी बच्चों को बचा लिया गया है. अंदर की यूनिट के भी कुछ बच्चों को बचाया गया है. मौके पर फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां पहुंची. पुलिस की टीम मौजूद है. आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कमिश्नर और डीआईजी के नेतृत्व में जांच टीम का गठन कर 12 घंटे के भीतर रिपोर्ट तलब की है.