यवतमाल (महाराष्ट्र)। बुधवार (20 अगस्त) की शाम जिले के दारव्हा में दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। रेलवे फ्लाईओवर निर्माण के लिए खोदे गए पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबकर चार मासूम बच्चों की मौत हो गई। यह घटना दारव्हा-नेर मार्ग पर रेलवे स्टेशन परिसर के पास हुई। पूरे क्षेत्र में मातम छा गया है।
वर्धा-यवतमाल-नांदेड रेलवे परियोजना के तहत दारव्हा रेलवे स्टेशन के पास पुल निर्माण का कार्य चल रहा है। पुल के खंभों के लिए कई गहरे गड्ढे खोदे गए थे, जो हाल की बारिश से पानी से भर गए। हैरानी की बात यह रही कि इन गड्ढों के आसपास न तो सुरक्षा घेरा लगाया गया था और न ही कोई चेतावनी बोर्ड।
मृत बच्चों की पहचान रिहान असलम खान (13), गोलू पांडुरंग नारनवरे (10), सौम्या सतीश खडसन (10) और वैभव आशीष बोथले (14) के रूप में हुई है। सभी बच्चे दारव्हा के ही रहने वाले थे।
पुलिस के अनुसार बच्चे रेलवे स्टेशन के पास खेल रहे थे। इसी दौरान वे संभवतः खेलते-खेलते या नहाने के इरादे से गड्ढे में उतर गए और गहराई का अंदाज़ा न होने से डूब गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी अधिक होने से प्रयास नाकाम रहे।
हादसे ने रेलवे और निर्माण कंपनी की गंभीर लापरवाही को उजागर कर दिया है। गड्ढों के आसपास सुरक्षा इंतज़ाम न होने पर स्थानीय लोग आक्रोशित हैं। प्रशासन ने अब निर्माण कंपनी की लापरवाही की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।