October 13, 2024

भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा एक करोड़ का पुल, उद्घाटन से पहले ही क्षतिग्रस्त


रिपोर्ट, अश्विनी श्रीवास्तव
चित्रकूट। मानिकपुर विकास खंड के रानीपुर में सेतु निगम द्वारा बनाए गए करोड़ों की लागत का पुल भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है। 1 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस पुल में निर्माण के दौरान घटिया क्वालिटी की सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिससे पुल कई जगहों से दरारें छोड़ चुका है। स्थिति यह है कि उद्घाटन से पहले ही यह पुल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।रानीपुर के बरद्‌हा नदी पर बनाए गए इस पुल को लेकर स्थानीय जनता में गुस्सा है। लोगों का कहना है कि पुल निर्माण के समय घटिया सामग्री का इस्तेमाल हुआ है, जिससे यह पुल अब किसी भी समय ढह सकता है।

इससे अपार जन-धन की हानि होने की आशंका है। ग्रामीणों ने पुल निर्माण के समय भी इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया।इस पुल के निर्माण को लेकर बीएसपी के जिलाध्यक्ष शिव बाबू ने जिलाधिकारी से शिकायत की है।

लोगों का कहना है कि पुल निर्माण में हुए भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि पुल की गुणवत्ता की TAC (तकनीकी स्वीकृति समिति) द्वारा जांच करवाई जाए ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।क्षेत्रीय जनता का कहना है कि पुल की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि यह कभी भी गिर सकता है, जिससे जान-माल का नुकसान हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से तुरंत कदम उठाने की अपील की है ताकि कोई बड़ी दुर्घटना न हो।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch