नई दिल्ली। झारखंड कांग्रेस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के अकाउंट को सस्पेंड कर दिया गया है। एक्स हैंडल आईएनसी झारखंड से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का डीप फेक वीडियो शेयर किया गया था। इस पर माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ने झारखंड कांग्रेस के 'एक्स' अकाउंट पर कार्रवाई करते हुए अकाउंट को सस्पेंड कर दिया गया है।
एक्स की ओर से कहा गया है कि एक कानूनी मांग के जवाब में भारत में एक्स (जिसे पहले ट्विटर के नाम से जाना जाता था) की ओर से झारखंड कांग्रेस का हैंडल सस्पेंड कर दिया गया है। अभी इस हैंडल से कोई ट्वीट नहीं हो सकेगा। इस हैंडल पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का एक 'डीपफेक वीडियो' पोस्ट किया गया था।
इससे पहले झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश ठाकुर को गृह मंत्री अमित शाह के फर्जी वीडियो मामले की जांच के सिलसिले में दिल्ली पुलिस ने दो मई को तलब किया। वहीं दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल की तरफ से 28 अप्रैल को इस संबंध में एक मामला दर्ज किया गया है।