Mahakumbh Stampede : महाकुंभ में भगदड़ के बाद भी शाही स्नान की अखंड परंपरा नहीं टूटेगी। वहां स्थिति तेजी से सामान्य होने और महाकुंभ मेलाधिकारी से बातचीत के बाद अखाड़ा परिषद ने शाही स्नान का ऐलान कर दिया है। हालांकि पहले की तरह जुलूस नहीं होगा। इसे काफी छोटा रखा जाएगा।
भगदड़ की घटना के बाद शाही स्नान रद्द करने का ऐलान करने वाले अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्र गिरी ने अब कहा कि प्रशासन से बातचीत हुई है। प्रशासन ने कहा कि साधु संतों के स्नान वाले घाट धीरे-धीरे खाली हो रहे हैं। इसलिए अब स्नान का फैसला लिया गया है। कुछ देर में इसके लिए समय भी घोषित हो जाएगा। बताया जा रहा है कि नया शेड्यूल कुछ देर में आएगा। क्रम नहीं बदलेगा केवल समय बदल जाएगा। कहा जा रहा है कि दस बजे के आसपास अखाड़े शाही स्नान के लिए पहुंचने लगेंगे।
रविंद्र गिरि ने कहा कि सुबह के समय करोड़ों की संख्या में श्रद्धालु घाट पर था। अब ऐसा लग रहा है कि संख्या कम हो रही है। हम साधु संतों के घाट भी खाली कराए जा रहे हैं। कहा कि सुबह के समय ऐसा प्रचार किया गया था कि यहां पर कयामत आ गई हो। ऐसा प्रचार किया गया था जिससे हमारे सनातन के विरोधियों को मौका मिला था। वह चाहते थे कि गलत मैसेज जाए। जब हम लोगों ने जानकारी ली और पूरी सच्चाई सामने आई तो शाही स्नान का फैसला लिया गया है।
रविंद्र गिरी ने कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें। हादसे को बढ़ा चढ़ाकर पेश किया गया है। हमारी मेला प्रशासन से बातचीत हुई है। कहा गया है कि जो हो गया सो हो गया। ऐसे में हमारी स्नान होना चाहिए। कोशिश हो रही है कि कुछ घंटे में हम स्नान करेंगे। कहा कि जब हम लोग स्नान करने निकलते हैं तो श्रद्धालु नागा साधुओं को देखना चाहते हैं। हमारी झांकी को देखना चाहते हैं। इतने ज्यादा लोग आ गए कि हमारे घाट भर गए। इसलिए स्नान को स्थगित किया गया। अब हम लोग स्नान में जाएंगे।
एक घंटे में दो बार सीएम योगी को पीएम मोदी का फोन
महाकुंभ भगदड़ पर पीएम मोदी ने एक घंटे में दो बार सीएम योगी को फोन मिलाया. पीएम मोदी ने महाकुंभ मेले में हालात पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से बात की. उन्होंने स्थिति की समीक्षा की और तुरंत मदद के उपायों पर जोर दिया. इतना ही नहीं, अमित शाह ने भी सीएम योगी से बात की है और स्थिति का जायजा लिया है. उन्होंने केंद्र की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया है.
सीएम योगी ने क्या अपील की?
हाकुंभ मेले में भगदड़ के बाद यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धालुओं से अपील की है. सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘मां गंगा के जो जिस घाट के समीप है, वहीं स्नान करें. संगम नोज की ओर जाने का प्रयास न करें. स्नान के लिए कई स्नान घाट बनाए गए हैं . वहां पर भी स्नान किया जा सकता है. प्रशासन के निर्देशन का अनुपालन करें और व्यवस्था बनाने में सहयोग करिए. किसी भी अफवाह पर ध्यान ना दें.