नई दिल्ली। एअर इंडिया की फ्लाइटों में तकनीकी खामियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को दिल्ली से सिंगापुर जाने वाली फ्लाइट संख्या AI 2380 (बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर) को तकनीकी खराबी के कारण उड़ान भरने से रोक दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, विमान में एयर कंडीशनिंग सिस्टम और बिजली आपूर्ति में गड़बड़ी आ गई थी। इस वजह से यात्रियों को करीब दो घंटे तक विमान में ही इंतजार करना पड़ा। इसके बाद अचानक सभी 200 से ज्यादा यात्रियों को विमान से उतारकर टर्मिनल भवन में भेज दिया गया।
यात्रियों ने बताया कि कर्मचारियों ने शुरू में उन्हें कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई, जिससे काफी अफरा-तफरी का माहौल बना। कई बुजुर्ग यात्री भी असुविधा का सामना करते रहे।
फ्लाइट रात करीब 11 बजे रवाना होने वाली थी, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते इसे टालना पड़ा। इस घटना पर अब तक एअर इंडिया की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
बार-बार दोहर रही समस्या
एअर इंडिया के विमानों में तकनीकी खराबी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। हाल ही में दिल्ली से इंदौर जा रही फ्लाइट को आपात स्थिति में उतारना पड़ा था, जब उसमें आग लगने का सिग्नल मिला था।
इन घटनाओं के कारण यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं यात्रियों को भारी परेशानी भी झेलनी पड़ रही है।