October 07, 2024

बुंदेलखंड एक्सप्रेस के ठहराव हटाने पर व्यापारियों ,स्थानीय जनता में रोष


रिपोर्ट, अश्विनी श्रीवास्तव 

चित्रकूट। जिले के भरतकूप रेलवे स्टेशन पर बुंदेलखंड एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 11108 बनारस से ग्वालियर जंक्शन और ट्रेन नंबर 11107 ग्वालियर जंक्शन से बनारस) के ठहराव को हटाने के फैसले के खिलाफ व्यापारियों, स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। क्षेत्रीय यात्रियों और श्रद्धालुओं ने इस निर्णय को न केवल धार्मिक पर्यटन पर प्रतिकूल असर डालने वाला बताया, बल्कि इसे स्थानीय अर्थव्यवस्था और जीवन-यापन के लिए भी हानिकारक कहा।

भरतकूप स्टेशन का ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व है, जहां भगवान राम के अनुज भरत ने उनकी खड़ाऊं लेकर राज्याभिषेक की परंपरा शुरू की थी। स्टेशन से जुड़े धार्मिक स्थल और चित्रकूट की परिक्रमा करने वाले श्रद्धालु यहां उतरते हैं। इस ठहराव को हटाए जाने से तीर्थयात्रियों को भारी असुविधा हो रही है, जिससे धार्मिक पर्यटन में गिरावट आई है।

स्थानीय निवासी महा प्रसाद ने रेलवे महाप्रबंधक को एक पत्र लिखकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने इस फैसले पर पुनर्विचार की मांग की है। पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि इस ठहराव के हटने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को चिकित्सा सुविधाओं, शिक्षा और रोजगार के लिए शहरी केंद्रों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही, रात के समय में बस सेवाओं की कमी ने यात्रियों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है।

महा प्रसाद ने यह भी बताया कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के निकट होने के बावजूद रेलवे ठहराव को हटाना यात्रियों के लिए एक बड़ी समस्या बन गया है। स्थानीय व्यापारियों, छात्रों और रोजगार की तलाश में जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त खर्च और समय की बर्बादी का सामना करना पड़ रहा है।

उद्योग व्यापार मंडल भरतकूप के अध्यक्ष श्रीराम गुप्ता ने रेलवे से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने और बुंदेलखंड एक्सप्रेस का ठहराव बहाल करने की मांग की है ताकि धार्मिक पर्यटन, चिकित्सा सेवाओं और स्थानीय व्यापार को फिर से गति मिल सके।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch