नई दिल्ली: दिल्ली की सत्ता में भारतीय जनता पार्टी की 27 साल बाद वापसी हुई है. रेखा गुप्ता ने गुरुवार को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. उनके साथ छह मंत्री भी शपथ लिए. शपथ ग्रहण समारोह ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित हुआ. बीजेपी ने मंत्रिमंडल के चयन में हर वर्ग और समुदाय को प्रतिनिधित्व देने की रणनीति अपनाई है.
रेखा गुप्ता दिल्ली की 9वीं मुख्यमंत्री बन गई हैं. इससे पहले बुधवार देर शाम को भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता के नाम पर सहमति बनी.
रामलीला मैदान में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल हुए.
रेखा गुप्ता दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की चौथी मुख्यमंत्री हैं. इससे पहले मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज दिल्ली में BJP के मुख्यमंत्री रह चुके हैं. शपथ ग्रहण के साथ ही रेखा गुप्ता वर्तमान में BJP शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री बन गई हैं.
शपथ ग्रहण से पहले रेखा गुप्ता ने मीडिया से बातचीत में कहा, "यह मेरे लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं प्रधानमंत्री मोदी और पार्टी हाईकमान की आभारी हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि दिल्ली की मुख्यमंत्री बनूंगी। मैं जनता के बीच रहकर काम करूंगी, शीशमहल में नहीं।"
गौरतलब है कि भाजपा ने मुख्यमंत्री आवास को ‘शीशमहल’ नाम दिया था। पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर आरोप था कि उन्होंने इस आवास को बनाने में नियमों की अनदेखी कर करोड़ों रुपए खर्च किए। भाजपा ने इसे अपने चुनाव प्रचार का बड़ा मुद्दा बनाया था।