April 27, 2025

खून खौल रहा, पहलगाम के पीड़ितों को न्याय मिलकर रहेगा..., मन की बात में पीएम मोदी का सीधा मैसेज


Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने “मन की बात” संबोधन में पहलगाम आतंकी हमले पर बात की. उन्होंने कहा, “जब मैं आपसे अपने दिल की बात कर रहा हूं, तो मेरे दिल में गहरी पीड़ा है. पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले ने हर नागरिक को दुखी कर दिया है. हर भारतीय पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी सहानुभूति रखता है.”

पहलगाम हमले पर प्रधानमंत्री मोदी ने गुस्सा जाहिर करते हुए पाकिस्तान को साफ संदेश दे दिया है. साथ ही उन्होंने पहलगाम में हिंदूओं के खिलाफ आतंकियों की हमले को लेकर पीड़ित के परिवारों के साथ सहानुभूति दिखाई है. उन्होंने कहा कि पहलगाम में कायराना हरकत करने वालों और उनको पनाह देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.

भारत के साथ खड़ा है पूरा विश्व

पीएम ने ये भी कहा, 'पूरा विश्व, आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई में, 140 करोड़ भारतीयों के साथ खड़ा है. मैं पीड़ित परिवारों को फिर भरोसा देता हूं कि उन्हें न्याय मिलेगा, न्याय मिलकर रहेगा. इस हमले के दोषियों और साजिश रचने वालों को कठोरतम जवाब दिया जाएगा.

पीएम ने आगे कहा, 'साथियो, दो दिन पहले हमने देश के महान वैज्ञानिक डॉ० के. कस्तूरीरंगन जी को खो दिया है. जब भी कस्तूरीरंगन जी से मुलाकात हुई, हम भारत के युवाओं के टैलेंट, आधुनिक शिक्षा, स्पेस साइंस ऐसे विषयों पर काफी चर्चा करते थे. विज्ञान, शिक्षा और भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम को नई ऊंचाई देने में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा. उनके नेतृत्व में ISRO को एक नई पहचान मिली. उनके मार्गदर्शन में जो स्पेस प्रोग्राम आगे बढ़े, उससे भारत के प्रयासों को ग्लोबल मान्यता मिली. आज भारत जिन सैटेलाइट का उपयोग करता है, उनमें से कई डॉ. कस्तूरीरंगन की देखरेख में ही लॉन्च की गई थी. उनके व्यक्तित्व की एक और बात बहुत खास थी, जिससे युवा पीढ़ी उनसे सीख सकती है. उन्होंने हमेशा इनोवेशन को महत्व दिया. कुछ नया सीखने, जानने और नया करने का विजन बहुत प्रेरित करने वाला है.'

PM ने डॉ. के. कस्तूरीरंगन को दी श्रद्धांजलि

उन्होंने कहा, 'डॉ. के. कस्तूरीरंगन जी ने देश की नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति तैयार करने में भी बहुत बड़ी भूमिका निभाई थी. डॉ. कस्तूरीरंगन, 21वीं सदी की आधुनिक जरूरतों के मुताबिक फॉरवर्ड लुकिंग एजुकेशन का विचार लेकर आए थे. देश की निस्वार्थ सेवा और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा. मैं डॉ. के. कस्तूरीरंगन जी को विनम्र भाव से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं.'

PM ने कहा, 'साथियो, पिछले महीने म्यांमार में आए भूकंप की खौफनाक तस्वीरें आपने जरूर देखी होंगी. भूकंप से वहां बहुत बड़ी तबाही आई, मलबे में फंसे लोगों के लिए एक-एक सांस, एक-एक पल कीमती था. इसलिए भारत ने म्यांमार के हमारे भाई-बहनों के लिए तुरंत ऑपरेशन ब्रह्मा शुरू किया. एयरफोर्स के एयरक्राफ्ट से लेकर नेवी के शिप्स तक म्यांमार की मदद के लिए रवाना हो गए. वहां भारतीय टीम ने एक फील्ड हॉस्पिटल तैयार किया. इंजीनियरों की एक टीम ने अहम इमारतों और बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान का आकलन करने में मदद की. भारतीय टीम ने वहां कंबल, टेंट,स्लिपिंग बैग्स, दवाइयां, खाने-पीने के सामान के साथ ही और भी बहुत सारी चीजों की सप्लाई की. इस दौरान भारतीय टीम को वहां के लोगों से बहुत सारी तारीफ भी मिली.'



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch