नई दिल्ली। कर्नाटक के हासन जिले में हाल के दिनों में युवाओं में दिल का दौरा पड़ने की बढ़ती घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। अकेले पिछले एक माह में 18 से अधिक युवाओं की मौत दिल का दौरा पड़ने से हो चुकी है। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने इस पर गहरी चिंता जताते हुए वैक्सीन की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। वहीं, केंद्र सरकार और विशेषज्ञ संस्थानों ने इस मुद्दे पर अपना पक्ष स्पष्ट किया है।
वैक्सीन और हार्ट अटैक के संबंध को लेकर क्या बोले विशेषज्ञ?
मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने वैक्सीन को "जल्दबाजी में दी गई मंजूरी" से जोड़ते हुए सवाल खड़े किए कि क्या इसके कारण अचानक हो रही मौतों में इज़ाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि “हाल के अंतरराष्ट्रीय अध्ययनों में वैक्सीन और कार्डियक घटनाओं के बीच संभावित संबंध की बात कही गई है, लिहाजा इसकी जांच होनी चाहिए।”
इस पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि कोविड-19 वैक्सीन और अचानक मौतों के बीच कोई सीधा संबंध नहीं पाया गया है। मंत्रालय ने बताया कि भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) और राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (NCDC) द्वारा किए गए व्यापक अध्ययनों में यह निष्कर्ष सामने आया है।
क्या कहता है ICMR का अध्ययन?
ICMR के राष्ट्रीय महामारी विज्ञान संस्थान (NIE) द्वारा किए गए एक बहु-केंद्रित केस कंट्रोल अध्ययन में 18-45 वर्ष के स्वस्थ प्रतीत होने वाले युवाओं की अचानक मृत्यु के मामलों का विश्लेषण किया गया। यह अध्ययन 19 राज्यों के 47 अस्पतालों में मई से अगस्त 2023 के बीच किया गया था।
अध्ययन में कोविड वैक्सीनेशन और अचानक मौतों के बीच कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं पाया गया। इसके अतिरिक्त AIIMS, दिल्ली द्वारा भी ICMR के सहयोग से एक अन्य अध्ययन जारी है जो युवाओं में अचानक मौतों के कारणों की पड़ताल कर रहा है।
सरकार ने उठाए कदम
हासन जिले में बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने जयदेव कार्डियोलॉजी इंस्टीट्यूट के निदेशक डॉ. रवींद्रनाथ के नेतृत्व में एक विशेष समिति का गठन किया है। इस समिति को 10 दिन में रिपोर्ट देने को कहा गया है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि सीने में दर्द या सांस लेने में तकलीफ को नजरअंदाज न करें और तत्काल जांच कराएं।