Operation Sindoor : भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकी ठिकानों पर की गई सटीक सैन्य कार्रवाई में अब तक 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए हैं। यह ऑपरेशन 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में शुरू किया गया, जिसमें 26 लोग मारे गए थे।
सरकार ने 8 मई 2025 को हुई सर्वदलीय बैठक में इसकी जानकारी दी, जिसमें सभी राजनीतिक दलों ने ऑपरेशन और भारतीय सेना के प्रति पूर्ण समर्थन जताया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया कि कार्रवाई में जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन के 9 आतंकी ठिकानों को नष्ट किया गया। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि ऑपरेशन सटीक और गैर-उत्तेजक था, जिसमें किसी भी पाकिस्तानी सैन्य ठिकाने को निशाना नहीं बनाया गया।
सर्वदलीय बैठक में क्या-क्या हुआ?
सरकार की तरफ से राजनाथ सिंह, अमित शाह, डॉ एस जयशंकर, निर्मला सीतारमण और दूसरे मंत्री मौजूद थे. विपक्षी नेताओं ने कई सवाल पूछे. हालांकि, सरकार बहुत अधिक जानकारी साझा करने को तैयार नहीं दिखी. बैठक में राजनाथ सिंह ने सभी पार्टियों को बताया कि अभी कोई खास जानकारी नहीं दी जा सकती क्योंकि ‘स्थिति लगातार बदल रही है’.
राहुल गांधी सरकार के साथ
सूत्रों के मुताबिक, भारत-पाक तनाव को लेकर राहुल गांधी ने भी कुछ सवाल पूछे. लेकिन उन्होंने सरकार पर कोई दबाव नहीं बनाया. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि ‘हम समझते हैं कि ये कैसे काम करता है और स्थिति क्या है.’ उन्होंने इस मुश्किल घड़ी में सरकार को अपना समर्थन दिया. कुछ सांसदों ने विशेष सत्र के बारे में भी पूछा. लेकिन सरकार की तरफ से इसका कोई जवाब नहीं मिला. सूत्रों ने बताया कि राजनाथ सिंह ने बहुत ही सकारात्मक तरीके से बैठक का समापन किया.