रिपोर्ट,अश्विनी श्रीवास्तव
चित्रकूट। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन व पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह की उपस्थिति में कलेक्टरेट सभागार में नवरात्रि, दशहरा व अमावस्या पर्व के आयोजन के सम्बन्ध में शान्ति समिति की बैठक कलेक्टरेट सभागार में हुई।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी त्योहारों के दिन निमित्त रूप से विद्युत आपूर्ति करना सुनिश्चित करें, अगर बिजली के तार लटक रहे हैं, उसे सही कराएं। उन्होंने जल निगम एवं जल संस्थान के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवरात्रि, दुर्गा पूजा, दशहरा एवं अन्य त्योहारों के अवसर पर जलापूर्ति रहे। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में भी टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति की व्यवस्था कराएं जाने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस त्योहारों में साफ-सफाई, चूने का छिडकाव एवं अन्य आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएं। उन्होंने शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र में समुचित सफाई व्यवस्था कर उसके उचित कूडे का निस्तारण कराए जाने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि विसर्जन स्थल सम्बन्धित उप जिलाधिकारी व पुलिस क्षेत्राधिकारी भ्रमण कर देखें। उन्होंने अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि गहराई वाले स्थलों पर बैरिकेडिंग व नाव गोताखोर की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी से कहा कि हर सीएससी और पीएसी पर अपनी टीमों के साथ मुस्तैद रहेंगे। अग्निशमन को उन्होंने निर्देशित किया कि यथासंभव स्थान पर अपनी व्यवस्था भी सुनिश्चित कराएं। जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जहां आयोजन किया जा रहा है, उसके आसपास साफ सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। उन्होंने सभी धर्म गुरुओं के प्रतिनिधियों एवं उपस्थित जनपद के संभ्रांत व्यक्तियों से कहा कि इन त्योहारों को आपसी सौहार्द के साथ मिलजुल कर मनाएं किसी की भावनाओं को आहत न होने दें। कहा कि सरकार की गाइडलाइन के अनुसार पंडालों व मूर्ति विसर्जन होनी चाहिए, मूर्ति विसर्जन तालाबों में होना चाहिए। किसी प्रकार की समस्या होने पर यथाशीघ्र उच्च अधिकारियों को अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता और भाईचारे तथा सौहार्द को आपसी मेलजोल से बनाए रखते हुए इन त्योहारों को शांतिपूर्वक तरीके से मनाएं। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्व पर नजर रखें एवं ऐसे तत्वों से दूरी बनाते हुए किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों को अवश्य अवगत कराएं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बडे पंडाल में सीसीटीवी कैमरा भी लगाएं। साथ ही महिलाओं, बच्चों व पुरुषों की अलग लाइन दर्शन के लिए लगाएं। उन्होंने कहा कि मार्ग परिवर्तन पुलिस के संज्ञान में हो व सभी आयोजक पुलिस बल का सहयोग करें। नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा त्यौहार के अवसर पर निश्चित स्थानों पर देवी प्रतिमाएं रोड के किनारे न रखें, जिससे कि अनावश्यक समस्या हो। उन्होंने निर्देश दिए कि मूर्ति विसर्जन निर्धारित उचाई रुट चार्ट के अनुसार दिन के समय हीं कराया जाये। उन्होंने कहा कि शासन का सख्त निर्देश है कि विसर्जन एक छोटा हाथी व दो साउंड होनी चाहिए, इससे ज्यादा साउंड होता है तो आयोजक के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि डिजे पर फूहड गीत नहीं बनना चाहिए नहीं तो सम्बन्धित के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूजा पंडाल बनते समय रास्ता अवरूद्ध नहीं होना चाहिए नहीं तो सम्बन्धित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून का पालन करते हुए आगामी त्योहारों को शांतिपूर्वक एवं भाईचारे के साथ मनाएं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आयोजक इस बात पर ध्यान दें कि कोई भी अश्लील गाना ना बजाए व निर्धारित समय पर ही बंद कर दें।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अमृत पाल कौर, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व उमेश चन्द्र निगम, उप जिलाधिकारी सदर पूजा साहू, मऊ सौरभ यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी इंद्र नारायण सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत दीपक सिंह आदि मौजूद रहे।