प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने हरियाणा में पूर्व कांग्रेस विधायक धर्म सिंह छोकर को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया है. पूर्व विधायक और उनकी कंपनी पर 1500 करोड़ रुपए की मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है. गिरफ्तारी को लेकर ऐसा आरोप है कि उन्होंने दीनदयाल आवास योजना के तहत लगभग 1500 करोड़ का गबन किया है. गिरफ्तारी के दौरान का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.
प्रवर्तन निदेशालय (ED) जब पूर्व विधायक को गिरफ्तार करने पहुंची तो वे भागने लगे. इस दौरान ईडी के अधिकारियों ने उन्हें दौड़कर पकड़ा, जिसमें पूर्व विधायक नीचे गिर गए. धर्म सिंह छोकर और ईडी कर्मचारियों के बीच नोंकझोंक भी देखने को मिली. जमीन पर बैठे धर्म सिंह उठने का नाम नहीं ले रहे थे.
हालांकि टीम की सख्ती के बाद आखिरकार उन्हें उठाया गया और गाड़ी में बैठाया गया. उठने में आनाकानी करने पर टीम के एक सदस्य ने उनकी कॉलर पकड़ी और खड़ा कर दिया. इस नोंकझोंक के दौरान पूर्व विधायक की शर्ट फट गई. अब उनकी गिरफ्तारी का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ईडी अधिकारियों ने बताया कि रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे उन्हें खुफिया सूचना मिली थी कि छौक्कर कुछ लोगों के साथ होटल के बार में मौजूद हैं. इस मामले के जांच अधिकारी गौतम बरई अदालतों से छौक्कर के खिलाफ जारी सात गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) और गुरुग्राम में विशेष धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) अदालत द्वारा जारी घोषित अपराधी अधिसूचना के अनुसरण में शीघ्र ही घटनास्थल पर पहुंच गए. ईडी अधिकारियों ने आरोप लगाया कि जब छौक्कर का ईडी अधिकारी से सामना हुआ, तो वह बाहर की ओर भागने लगे. बरई ने ईडी के गुरुग्राम क्षेत्र के ED के ज्वाइंट डायरेक्टर नवनीत अग्रवाल के साथ मिलकर पूर्व विधायक का पीछा किया और उन्हें पकड़ लिया.
ईडी अधिकारियों ने आरोप लगाया कि छौक्कर ने उन पर और होटल कर्मचारियों पर हमला करने की कोशिश की. इसके बाद सुरक्षाकर्मियों को मौके पर बुलाया गया. ईडी ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी और एक कांस्टेबल की मदद से छौक्कर को दिल्ली स्थित ईडी मुख्यालय ले जाया गया. रात 2:37 बजे उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया. मामला अब गंभीर रूप से जांच के दायरे में है.