नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार को बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों और बिहार में चल रहे SIR (Special Intensive Revision) को लेकर सफाई दी।
CEC ने कहा कि चुनाव आयोग के लिए सभी राजनीतिक दल बराबर हैं और किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि “भारत के संविधान के अनुसार हर 18 वर्ष का नागरिक मतदाता बन सकता है। जब हर राजनीतिक दल चुनाव आयोग में पंजीकृत होता है तो भेदभाव का सवाल ही नहीं उठता। आयोग अपने संवैधानिक कर्तव्य से पीछे नहीं हटेगा।”
उन्होंने बताया कि बिहार में SIR की प्रक्रिया के तहत 1.6 लाख बूथ लेवल एजेंट (BLA) और अधिकारियों ने मिलकर एक मसौदा सूची तैयार की है, जिसे सभी दलों के प्रतिनिधियों ने अपने हस्ताक्षरों से सत्यापित किया है। इस दौरान मतदाताओं से 28,370 दावे और आपत्तियां प्राप्त हुई हैं।
CEC ने यह भी कहा कि मतदाताओं की तस्वीरें और सीसीटीवी फुटेज बिना अनुमति के सार्वजनिक करना गलत है। “इतनी पारदर्शी प्रक्रिया में क्या कोई मतदाता का वोट चुरा सकता है?” उन्होंने सवाल उठाया।
उन्होंने दोहरे मतदान के आरोपों को भी खारिज कर कहा कि सबूत मांगने पर कोई ठोस तथ्य पेश नहीं किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव आयोग निडर होकर सभी वर्गों और सभी धर्मों के मतदाताओं के साथ मजबूती से खड़ा है।