November 30, 2023

सरकारी सड़क भी अब नहीं सुरक्षित, रसूखदार ने किया कब्जा


 पंकज विश्वकर्मा, समाचार संपादक  

आर.एन. एन. 24 एक्सक्लूसिव

रायपुर। " छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया" "साहब ,ये छत्तीसगढ़ है ,यहां आप अपने रसूख ,पैसे और राजनीतिक पहुंच के बल पर सरकारी सड़कों पर भी अपना कब्जा कर सकते हैं।" यह कहना है ग्राम उमरिया के सरपंच राजकुमार हिरवानी का, है तो वह सरपंच पर खुद पीड़ित है। वो अपने ही गांव की सड़क एन. एच.  को जोड़ती उमरिया एप्रोच रोड को ही नहीं बचा पाए एक रसूखदार के कब्जे से।  सरकारी जमीन के कब्जों की तो कई खबरें आपने सुनी होंगी,पढ़ी होंगी परंतु सरकारी सड़क पर अपना कब्जा कर लेना यह बड़ा दिलेरी का काम है। 


दरअसल पूरा मामला रायपुर से आरंग एन. एच. पर स्थित ग्राम उमरिया का है। रायपुर क्रिकेट स्टेडियम परसदा के सामने एन. एच. को उमरिया ग्राम पंचायत को जोड़ती पी.डब्ल्यू.डी. विभाग की एक सड़क है।  इस सड़क के तकरीबन पौन किलोमीटर या कहें 700 मीटर से ज्यादा कि नयी बनी डामर सड़क को यहां बन रहे एक लक्जरी रिसॉर्ट के मालिक ने अपने कब्जे में ले लिया है और अपने रिसोर्ट के लिए इस सड़क पर कब्जा कर सड़क निर्माण, बिजली के खंभों, केबलिंग, डिवाइडर निर्माण, सौंदर्यीकरण  सहित कई अन्य कार्यों को अंजाम दे रहा है।


वहीं इस पूरे मामले में गांव वाले आक्रोशित है कि सरपंच ने हमारे गांव की सरकारी सड़क को ही बेच दिया है। जबकि सरपंच का कहना है कि मैं खुद हैरान हूं कि बगैर पंचायत के एनओसी के यह सब कैसे हो रहा है।  आर.एन.एन.24 की टीम ने जब एस.डी.एम आरंग अतुल विश्वकर्मा से इस विषय में जानकारी लेनी चाहिए तो उन्होंने इस पूरे मामले की गंभीरता को समझा और तत्काल पीडब्ल्यूडी विभाग से संपर्क किया।  उन्होंने आर.एन.एन 24 से बातचीत में कहा कि आपके माध्यम से एन.एच. से उमरिया एप्रोच रोड पर अतिक्रमण की जानकारी प्राप्त हुई है, संबंधित विभाग इसकी जांच करेगा।वहीं रायपुर कलेक्टर सर्वेश्वर भुरे ने भी इस पूरे मामले की गंभीरता को बारीकी से समझा और कहा कि आपके माध्यम से हमें यह जानकारी प्राप्त हुई है, एसडीएम आरंग और संबंधित विभाग इस पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करेगा।


चलिए अब चलते हैं इस सड़क के मालिक पीडब्ल्यूडी विभाग के पास लोक निर्माण विभाग के सब इंजीनियर टी एस साहू ने फोन उठाने की जहमत ही मोल नहीं ली। ई ई राजीव नशीने का कहना था कि वह सड़क मेरे अंडर में नहीं आती है।  सबसे बड़ा तुर्रा मुख्य अभियंता  यानी चीफ इंजीनियर ज्ञानेश्वर कश्यप का रहा। उनका कहना था कि जो करना है कर लो, अभी मैं बाहर हूं।  10 दिसंबर के बाद मिलना, ईएनसी को बोलो, सेक्रेटरी को बोलो जिसको बोलना है बोलो, 10 दिसंबर के बाद मिलना। परंतु आरंग सब डिवीजन के एस.डी.ओ शेखर चंद्राकर ने मामले की गंभीरता को समझा और कहा कि मैं इसकी जांच करवाता हूं। 


कल 1 दिसंबर को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच में इंटरनेशनल टी 20 का मैच का आयोजन परसदा क्रिकेट स्टेडियम में ही किया जा रहा है।  पूरा सरकारी अमला इस सड़क के पास से गुजर रहा है, परंतु किसी को खबर ही नहीं है कि सरकार की एक सड़क पर एक रसूखदार ने कब्जा कर लिया है।  स्थानीय पटवारी से जब आर.एन.एन. 24 की टीम में इस सड़क के विषय में पूछा तो उसने कहा कि सरकार बनवा रही होगी यह सड़क, मुझे क्या मालूम। 




Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch