December 02, 2024

आज दिल्ली कूच करेंगे किसान, संसद घेराव का है प्लान, बैठक में बात न बनने पर संयुक्त मोर्चा का ऐलान


Farmers Protest: अपनी मांगों के पूरा ना होने पर दिल्ली में एक बार फिर किसानों का जमावड़ा होने वाला है। किसान अपनी मांगों को लेकर आज दिल्ली में धरना प्रदर्शन करने वाले हैं। ग्रेटर नोएडा के किसानों और प्राधिकरण के बीच लगभग 3 घंटे तक बैठक चली, लेकिन इस बैठक का कोई सकारात्मक नतीजा नहीं निकल सका। बैठक के बाद अब किसान अपनी मांगों को लेकर सोमवार (2 दिसंबर) को दिल्ली कूच करने का निर्णय लिया है।

जानकारी के मुताबिक किसानों के इस दिल्ली मार्च में संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले 10 से अधिक किसान संगठन शामिल हो रहे हैं। इस दौरान मार्च में किसानों की संख्या 50 हजार से अधिक हो सकती है। किसानों का लक्ष्य संसद का घेराव करना है इसके लिए वे सोमवार को नोएडा के महामाया फ्लाईओवर के पास दोपहर 12 बजे तक एकत्र होंगे और यहीं से दिल्ली कूच करेंगे। फिलहाल यह सभी किसान बीते चार दिनों से यमुना प्राधिकरण के सामने धरने पर बैठे हैं।

क्या है किसानों की मांगें?
किसानों का कहना था कि गोरखपुर में बन रहे हाईवे के लिए 4 गुना मुआवजा दिया गया, जबकि गौतमबुद्ध नगर को चार गुना मुआवजे के लाभ से वंचित रखा गया है।
इसके अलावा 10 साल से सर्किल रेट भी नहीं बढ़ा है। नए कानून के लाभ जिले में लागू करने पड़ेंगे।
किसानों की प्रमुख मांगों में 10 फीसदी विकसित भूखंड, हाई पावर कमेटी की सिफारिशों और नए भूमि अधिग्रहण कानून के लाभ दिया जाना शामिल है।

पंजाब-हरियाणा से भी दिल्ली की ओर मार्च
पंजाब और हरियाणा के किसान भी दिल्ली की ओर कूच करने की योजना बना रहे हैं. इसको लेकर किसान नेताओं ने बताया कि 6 दिसंबर को शंभू और खनौरी बॉर्डर से पहला जत्था दिल्ली के लिए रवाना होगा. वहीं इस मामले को लेकर किसानों ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने 18 फरवरी के बाद से किसानों से कोई बातचीत नहीं की है.

कई राज्यों में भी प्रदर्शन
दिल्ली की ओर कूच के साथ-साथ केरल, उत्तराखंड और तमिलनाडु में भी किसान अपने-अपने राज्यों की विधानसभाओं की ओर मार्च करेंगे. किसान कर्ज माफी, पेंशन, बिजली दरों में बढ़ोतरी न करने और पुलिस मामलों की वापसी जैसी मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे. इसके अलावा, लखीमपुर खीरी हिंसा के पीड़ितों को न्याय और 2020-21 के आंदोलन में मारे गए किसानों के परिवारों को मुआवजा देने की भी मांग उठाई जा रही है.



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch