मुंबई में एनसीपी अजित पवार गुट के वरिष्ठ नेता और तीन बार विधायक रहे बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना बांद्रा के खेरवाड़ी सिग्नल के पास हुई, जहां सिद्दीकी पर छह राउंड फायरिंग की गई। तीन गोलियां लगने के बाद उन्हें तुरंत लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना का पूरा विवरण
निर्मल नगर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में, बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी के दफ्तर के पास यह हमला हुआ। दो शूटरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिसमें तीन गोलियां सिद्दीकी को लगीं। घटना के तुरंत बाद, मुंबई क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं और दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया।
राजनीतिक जगत में हड़कंप
बाबा सिद्दीकी महाराष्ट्र की राजनीति का एक चर्चित नाम थे और सलमान खान समेत बॉलीवुड के कई बड़े चेहरों के साथ उनकी करीबी दोस्ती रही है। उनकी मौत की खबर सुनते ही सलमान खान भी लीलावती अस्पताल पहुंचे।
एक अच्छा दोस्त और सहयोगी खो दिया: पवार
अजित पवार ने कहा कि मैं यह जानकर हैरान हूं कि इस घटना में उनकी मौत हो गई. उन्होंने कहा कि उन्होंने एक अच्छा दोस्त और सहयोगी खो दिया है. उन्होंने कहा कि हमने एक ऐसे नेता को खो दिया है, जिन्होंने अल्पसंख्यक समुदाय के लिए लड़ाई लड़ी और धर्मनिरपेक्षता की वकालत की. उन्होंने कहा कि हमले की गहन जांच की जाएगी.
कांग्रेस छोड़कर एनसीपी किया था जॉइन
तीन बार विधायक रहे बाबा सिद्दीकी हाल में कांग्रेस छोड़कर एनसीपी (अजित पवार) में शामिल हुए थे. विभिन्न दलों के नेताओं ने बाबा सिद्दीकी की मौत पर शोक जताया और विपक्षी दलों के कुछ नेताओं ने महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था की स्थिति पर चिंता व्यक्त की.
घटना से जुड़े सवाल और पुलिस की कार्रवाई
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना की गहन जांच जारी है। मुंबई की सड़कों पर हुई इस सनसनीखेज घटना ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।