मुंबई। ICICI बैंक की पूर्व CEO चंदा कोचर को Videocon ग्रुप को 300 करोड़ रुपये का लोन पास करने के एवज में 64 करोड़ रुपये की रिश्वत लेने के मामले में दोषी ठहराया गया है। यह फैसला एक अपीलेट ट्रिब्यूनल द्वारा 3 जुलाई को सुनाया गया। ट्रिब्यूनल ने माना कि यह मामला 'क्विड प्रोक्वो' (कुछ के बदले कुछ) का साफ उदाहरण है।
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आरोप लगाया था कि चंदा कोचर ने ICICI बैंक की आंतरिक नीतियों और हितों के टकराव (conflict of interest) के नियमों का उल्लंघन करते हुए यह लोन मंजूर किया। उन्होंने अपने पति दीपक कोचर के Videocon ग्रुप से कारोबारी संबंधों को छुपाया, जो कि बैंक के नियमों के खिलाफ था।
ट्रिब्यूनल के अनुसार, जैसे ही ICICI बैंक ने Videocon को 300 करोड़ रुपये का लोन मंजूर किया, अगले ही दिन Videocon की एक सहयोगी कंपनी SEPL से 64 करोड़ रुपये NRPL नामक कंपनी को ट्रांसफर किए गए। कागजों पर NRPL का मालिकाना हक Videocon के चेयरमैन वेणुगोपाल धूत के नाम था, लेकिन वास्तव में इसे दीपक कोचर नियंत्रित कर रहे थे। वे NRPL के मैनेजिंग डायरेक्टर भी थे।
संपत्ति जब्ती पर बड़ा फैसला
ट्रिब्यूनल ने वर्ष 2020 में एक अथॉरिटी द्वारा चंदा कोचर और उनके सहयोगियों की 78 करोड़ रुपये की संपत्ति को रिलीज करने के फैसले को भी गलत ठहराया। ट्रिब्यूनल ने कहा कि उस निर्णय में महत्वपूर्ण सबूतों को नजरअंदाज किया गया और निष्कर्ष अनुचित थे।
ED द्वारा प्रस्तुत टाइमलाइन, बैंकिंग लेन-देन और मालिकाना नियंत्रण के साक्ष्य को ट्रिब्यूनल ने विश्वसनीय माना।
ट्रिब्यूनल ने साफ तौर पर कहा कि: -“चंदा कोचर ने अपनी शक्तियों का दुरुपयोग किया और नैतिकता तथा बैंकिंग नियमों का उल्लंघन कर, अपने पति के साथ मिलकर व्यक्तिगत लाभ के लिए पद का दुरुपयोग किया।”