October 01, 2024

अवैध निर्माण: प्रशासन की चेतावनी के बावजूद जारी है कार्य


रिपोर्ट, अश्विनी श्रीवास्तव
चित्रकूट। जनपद के कर्वी तहसील अंतर्गत मोहल्ला बल्दाऊ गंज निवासी प्रतिभा गुप्ता पत्नी अशोक कुमार गुप्ता द्वारा मोहल्ला गांधीगंज, कर्वी रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक बहुमंजिला वाणिज्यिक भवन का अवैध निर्माण कार्य तेजी से जारी है। यह निर्माण विशेष क्षेत्र प्राधिकरण की अनुमति के बिना कराया जा रहा है। पहले भी इस अवैध निर्माण की शिकायत की जा चुकी है, जिसके बाद प्राधिकरण ने कार्रवाई करते हुए इस बहुमंजिला भवन को गिराने का आदेश दिया था और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की गई थी।

हालांकि, प्रशासन द्वारा ध्वस्तीकरण के बाद भी प्रतिभा गुप्ता द्वारा फिर से अवैध निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह अवैध निर्माण प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है। प्रतिभा गुप्ता ने न केवल ध्वस्तीकरण के आदेश को नजरअंदाज किया, बल्कि गैरकानूनी ढंग से भवन पर पुनः लेण्टर डलवाने और अतिरिक्त निर्माण कार्य करने का भी गंभीर आपराधिक कृत्य किया है।

विशेष क्षेत्र प्राधिकरण और शासन प्रशासन द्वारा प्रतिभा गुप्ता को कई बार कानूनी कार्यवाही की चेतावनी दी जा चुकी है। इसके बावजूद, अवैध निर्माण का कार्य लगातार जारी है, जिससे स्थानीय नागरिकों के बीच शासन-प्रशासन की निष्पक्षता और सख्ती पर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय जनमानस का मानना है कि यदि प्रशासन इस मामले में कड़ी कार्रवाई नहीं करता है, तो समाज में यह संदेश जाएगा कि अपराधियों को कानून का कोई डर नहीं है। इससे अन्य अवैध निर्माणकर्ताओं और अपराधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

जनहित में यह आवश्यक है कि प्रतिभा गुप्ता के इस अवैध निर्माण को तुरंत रोका जाए और उनके खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाए, ताकि शासन-प्रशासन की साख बनी रहे और ऐसी अवैध गतिविधियों की पुनरावृत्ति न हो।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch