May 06, 2025

पहलगाम हमले के 3 दिन पहले PM मोदी को खुफिया रिपोर्ट भेजी गई थी : खरगे


Pahalgam Attack : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि हमले के तीन दिन पहले ही पीएम मोदी को एक इंटेलिजेंस रिपोर्ट भेजी गई थी और उस रिपोर्ट के बाद उन्होंने अपना कश्मीर दौरा केंसिल कर दिया था।

झारखंड के रांची में संविधान बचाओ रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पहलगाम हमले को इंटेलिजेंस फेलियर बताया। उन्होंने कहा, सरकार ने इसे माना है और वे इसमें सुधार करेंगे। उन्होंने कहा, अगर उन्हें यह पता था, तो उन्होंने कुछ क्यों नहीं किया? मुझे जानकारी मिली है कि हमले से 3 दिन पहले, प्रधानमंत्री मोदी को एक खुफिया रिपोर्ट भेजी गई थी और इसलिए उन्होंने कश्मीर जाने का अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया था। मैंने यह एक अखबार में भी पढ़ा।

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से सवाल किया कि जब इंटेलिजेंस आपकी सुरक्षा के लिए ये कहते है कि वहां जाना सही नहीं है तो आप ने वह बात आम लोगों की सुरक्षा के लिए वहां के बॉर्डर फोर्स, पुलिस को क्यों नहीं कही। केंद्र ने आतंकी हमले पर खुफिया रिपोर्ट होने के बाद भी पहलगाम में अधिक सुरक्षा कर्मी तैनात क्यों नहीं किए।

केंद्र सरकार ने खुद माना ये इंटेलिजेंस फेलियर: खरगे

खरगे ने आगे कहा, 22 अप्रैल को देश में एक बहुत बड़ा आतंकी हमला हुआ, जिसमें 26 बेगुनाह लोग मारे गए। इस मामले में सरकार ने माना कि ये इंटेलिजेंस फेलियर है और इसे सुधारने की जरूरत है। जब सरकार को इंटेलिजेंस में कमी की जानकारी थी, तो पहले ही अच्छी व्यवस्था क्यों नहीं की गई? इसी के साथ उन्होंने कहा, जब केंद्र ने खुफिया नाकामी स्वीकार की है तो क्या पहलगाम हमले में लोगों की मौत के लिए उसे जवाबदेह नहीं ठहराया जाना चाहिए।

हालांकि उन्होंने ये भी कहा, कांग्रेस पार्टी ने सरकार से कहा है कि आतंकवाद और पाकिस्तान के खिलाफ इस लड़ाई में हम पूरी तरह से उनके साथ हैं। अगर सरकार पाकिस्तान के खिलाफ कोई भी कदम उठाती है, तो हम उनके साथ खड़े हैं।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch