November 24, 2024

महाराष्ट्र में झूठ, छल और फरेब बुरी तरह हारा : प्रधानमंत्री मोदी

मोदी ने कहा कि आज देश के अनेक राज्यों में उपचुनावों के नतीजे भी आए हैं। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान ने भाजपा को जमकर समर्थन दिया है।


महाराष्ट्र में मिली जबरदस्त जीत के बाद भाजपा में उत्साह है। यही कारण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को पार्टी कार्यालय से संबोधित किया। इसके साथ ही झारखंड को लेकर उन्होंने बड़ी बात कही। नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज हम यहां एक और ऐतिहासिक महाविजय का उत्सव मनाने के लिए एकत्रित हुए हैं। आज महाराष्ट्र में विकासवाद, सुशासन, सच्चे सामाजिक न्याय की जीत हुई है और महाराष्ट्र में झूठ, छल, फरेब बुरी तरह हारा है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि विभाजनकारी ताकते हारी हैं, नकारात्मक राजनीति की हार हुई है परिवारवाद की हार हुई है। आज महाराष्ट्र ने विकसित भारत के संकल्प को मजबूत किया है।

मोदी ने कहा कि आज देश के अनेक राज्यों में उपचुनावों के नतीजे भी आए हैं। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान ने भाजपा को जमकर समर्थन दिया है। असम के लोगों ने भाजपा पर फिर एक बार भरोसा जताया है। मध्य प्रदेश में भी हमें सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि बिहार में NDA का समर्थन बढ़ा है। यह दिखाता है कि देश अब सिर्फ विकास चाहता है। मैं महाराष्ट्र के मतदाताओं का, युवाओं का, माताओं का, किसानों, देश की जनता को नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि मैं झारखंड की जनता को भी नमन करता हूं। झारखंड के तेज विकास के लिए हम अब और ज्यादा मेहनत से काम करेंगे। इसमें भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता अपना हर प्रयास करेगा।

इस दौरान नड्डा ने कहा कि ये ऐतिहासिक दिन, विशेष दिन... जो आज भारत और महाराष्ट्र की जनता ने, और देश के विभिन्न राज्यों के उपचुनावों में जो जनता ने संदेश दिया है, वो निश्चित रूप से जिस कार्य को आदरणीय पीएम मोदी जी ने देशवासियों की सेवा करने का संकल्प उठाया। उस पर जनता ने फिर से मुहर लगा दी है। उन्होंने कहा कि आज के दिन महाराष्ट्र और उपचुनावों में मिली जीत और पिछले दिनों हरियाणा में मिली जीत ने यह तय कर दिया है कि जिस बात को पीएम मोदी जी ने रखा... गांव, गरीब, वंचित, पीड़ित, दलित, महिला, युवा, किसान... इनको मुख्यधारा में शामिल करके देश को आगे ले जाना है... इस पर जनता ने फिर से मुहर लगा दी है।

उन्होंने कहा कि इस चुनाव ने यह भी संदेश दिया कि समाज को बांटने वालों को करारी हार का सामना करना पड़ा और लोगों ने पीएम मोदी की विकास नीतियों की सराहना की है। पिछले कुछ समय से INDI गठबंधन को यह भ्रम था कि वे लोगों को जाति, संविधान, धर्म के नाम पर बांटकर सत्ता हासिल कर लेंगे। हरियाणा, महाराष्ट्र ने उन्हें जवाब दे दिया है। उन्होंने कहा कि 2019 में उद्धव ठाकरे ने जनादेश का अपमान किया, लेकिन आज महाराष्ट्र की जनता ने दिखा दिया कि वो महायुति और पीएम मोदी के साथ हैं। 



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch