Lok Sabha Chunav 2024 Results Updates: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए आज नतीजों का दिन है और वोटों की गिनती शुरू हो गई है। अब तक आए रुझानों के अनुसार कन्नौज से अखिलेश यादव आगे चल रहे हैं तो वहीं बदायूं से आदित्य यादव पीछे हैं। हिमाचल की मंडी लोकसभा सीट से कंगना रनौत पीछे हैं। यही नहीं कांगड़ा लोकसभा सीट से भी कांग्रेस के ही आनंद शर्मा आगे हैं। अब तक सामने आए रुझानों में एनडीए 180 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि INDIA अलायंस 85 पर ही आगे हैं।
नतीजों से पहले ज्यादातर एग्जिट पोल बीजेपी की अगुआई वाले एनडीए गठबंधन को जबरदस्त बहुमत दे रहे थे। वहीं कांग्रेस का दावा है कि वह कम से कम 295 सीटों पर जीत रही है। धीरे-धीरे राजनीतिक तस्वीर साफ होने लगेगी। दोपहर बाद तक पता चल जाएगा कि नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं या फिर इस बार विपक्षी दलों वाले इंडिया गठबंधन ने सत्तारूढ़ दल के सामने चुनौती खड़ी कर दी।
बता दें कि देश की कुल 543 लोकसभा सीटों के लिए सात चरणों में मतदान कराए गए थे। कुल 8360 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हुई है। अंतिम चरण के मतदान के बाद ज्यादातर ‘एग्जिट पोल’ के पूर्वानुमानों में एनडीए गठबंधन को 400 पार के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महत्वाकांक्षी लक्ष्य के करीब दिखाया गया है, वहीं ‘इंडिया’ गठबंधन के लिए 180 सीटों के आंकड़े तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव परिणाम के साथ ही आंध्र प्रदेश और ओडिशा के विधानसभा चुनावों के नतीजों का भी ऐलान किया जा रहा है। लोकसभा की 542 सीटों पर ही मतगणना होनी है क्योंकि गुजरात की सूरत सीट पर बीजेपी प्रत्याशी को पहले ही निर्विरोध विजयी घोषित किया जा चुका है।