May 20, 2024

Lok Sabha Election 2024 : पांचवें चरण में 49 सीटों पर वोटिंग जारी, दांव पर लगी इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा


Lok Sabha Election 2024 : छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 49 लोकसभा सीट पर 20 मई को पांचवें चरण के चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। इस चरण में दो ‘हाई प्रोफाइल’ सीट रायबरेली और अमेठी में भी मतदान हो रहा है, जहां से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी मैदान में हैं। जम्मू-कश्मीर के बारामूला में 22 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी चुनाव लड़ रहे हैं।

पांचवें चरण में महाराष्ट्र की 13, उत्तर प्रदेश की 14, पश्चिम बंगाल की सात, बिहार की पांच, झारखंड की तीन, ओडिशा की पांच और जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख की एक-एक सीट पर मतदान हो रहा। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में कई केंद्रीय मंत्री शामिल हैं जिनमें राजनाथ सिंह (लखनऊ, उत्तर प्रदेश), पीयूष गोयल (मुंबई उत्तर, महाराष्ट्र), साध्वी निरंजन ज्योति (फतेहपुर, उप्र) और शांतनु ठाकुर (बनगांव, पश्चिम बंगाल), लोजपा (रामविलास) के नेता चिराग पासवान (हाजीपुर, बिहार), शिवसेना के श्रीकांत शिंदे (कल्याण, महाराष्ट्र) और भाजपा के राजीव प्रताप रूडी तथा राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य (दोनों सारण, बिहार) शामिल हैं।

केरल के वायनाड से चुनाव लड़ने वाले राहुल गांधी, नेहरू-गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली से भी चुनाव लड़ रहे हैं, जिसका प्रतिनिधित्व उनकी मां सोनिया गांधी 2004 से कर रही थीं। भाजपा ने उत्तर प्रदेश के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को इस सीट से मैदान में उतारा है। अमेठी में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी चुनाव मैदान में हैं, जबकि गांधी परिवार के करीबी केएल शर्मा को कांग्रेस ने चुनाव मैदान में उतारा है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी में ईरानी ने राहुल गांधी को हराया था। लखनऊ से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की चौथे कार्यकाल पर नजर हैं। उनका मुकाबला सपा के मौजूदा विधायक (लखनऊ मध्य से) रविदास मेहरोत्रा से है। उत्तर प्रदेश में इस चरण में 14 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों मोहनलालगंज (आरक्षित), लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, जालौन (आरक्षित), झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी (आरक्षित), बाराबंकी (आरक्षित), फैजाबाद, कैसरगंज, गोंडा में मतदान हो रहा है।




Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch