Lok Sabha Election Results : लोकसभा चुनाव 2024 के अंतिम नतीजे आ चुके हैं. एग्जिट पोल में लगाए गए अनुमानों के उलट इस लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी 240 सीटों पर विजयी होने के बाद बहुमत से पीछे रह गई. हालांकि, NDA 292 सीटों के साथ सरकार बनाने के अपने मजबूत दावे के साथ खड़ी है।
वहीं, सभी प्रमुख विपक्षी दलों के गठबंधन INDIA ने भी 234 सीटों पर अपनी जीत हासिल की है. चुनावी नतीजों के आने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को 17वीं लोकसभा की आखिरी बैठक हुई जिसमें इसे भंग करने की मंजूरी दे दी गई. इसके साथ ही नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपना इस्तीफा सौंप दिया है. 7 जून को NDA के संसदीय दल की बैठक होने वाली है।
कांग्रेस ने भाजपा को दिया चैलेंज?
कांग्रेस के दिग्गज नेता जयराम रमेश ने एक्स पर लिखा, ‘अहंकाराचार्या नरेंद्र मोदी और स्वघोषित चाणक्य, अमित शाह, फिक्स्ड मैच खेलने में माहिर हैं. जनता के जनादेश के बाद मोदी-शाह की पार्टनरशिप पहली बार अपने आप को मुश्किलों के घेरे में पा रही है. अब तक एक बॉल फेंकता था तो दूसरा उस पर छक्का मारता था. पर अब बॉल जनता ने फेंकी है. क्या शाहों के शाह फ्रंट फुट पर खेल पायेंगे? क्या निवर्तमान विश्वगुरु सामना कर पायेंगे जनता की फुल टॉस डिलीवरी का?
7 जून राष्ट्रपति भवन में ही होगा शपथ ग्रहण समारोह
सूत्रों की मानें तो पीएम नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद की 8 जून को शपथ लेंगे. बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति भवन में ही यह शपथ ग्रहण समारोह होगा. वहीं, 7 जून को एनडीए की एक बैठक होगी, जिसमें संसदीय दल के नेता का चुनाव किया जाएगा।