दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में शनिवार सुबह एक इमारत ढह जाने से उसके मलबे में दबकर चार लोगों की मौत हो गई. राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और पुलिस की टीमें शनिवार सुबह बचाव अभियान के लिए घटनास्थल पर पहुंच गईं.
समाचार एजेंसी ने दिल्ली पुलिस के हवाले से बताया कि मुस्तफाबाद इलाके में इमारत गिरने से चार लोगों की मौत हो गई. एएनआई द्वारा साझा किए गए दृश्यों में स्थानीय लोगों को मलबा हटाने में बचाव दल की मदद करते हुए दिखाया गया है. हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज भी जारी किया गया है.
मलबे में फंसे हैं कई लोग
डिविजनल फायर ऑफिसर राजेंद्र अटवाल ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 2:50 बजे मकान ढहने की सूचना मिली थी. उन्होंने कहा, ‘हमें सुबह करीब 2:50 बजे मकान ढहने की सूचना मिली. हम मौके पर पहुंचे और पाया कि पूरी इमारत ढह गई है और लोग मलबे में फंसे हुए हैं. एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस लोगों को बचाने के लिए काम कर रही है.
तेज बारिश के बाद गिरा मकान
मकान ढहने की यह घटना शुक्रवार को दिल्ली में अचानक मौसम परिवर्तन के कुछ घंटों बाद हुई है, जब रात में भारी बारिश और आंधी-तूफान के कारण शहर के कई हिस्से प्रभावित हुए थे. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस इमारत में 20 से 25 लोग रहते थे. 8 लोगों को जीटीबी अस्पताल में रेस्क्यू कर के भर्ती कराया गया है. मलबे में अभी भी कुछ लोग दबे हैं. रेस्क्यू जारी है.
वहीं, एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि जिस घर में यह हादसा हुआ, उसमें दो पुरुष और दो बहुएँ रुके थे. सबसे बड़ी बहू के तीन बच्चे हैं, दूसरी बहू के भी तीन बच्चे हैं. अभी हमें कुछ नहीं पता. वे कहीं नजर नहीं आ रहे हैं.