International Yoga Day : आज 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरे देश में उत्साह के साथ मनाया जाएगा. इस साल खास आयोजन "योग संगम" के तहत सुबह 6:30 से 7:45 बजे तक देशभर के एक लाख से ज्यादा लोकेशंस पर कॉमन योग प्रोटोकॉल के मुताबिक सामूहिक रूप से लोग योग करेंगे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में राष्ट्रीय योग कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे. इनके अलावा, इस मौके पर सरकार की तरफ से 10 खास कार्यक्रमों की भी घोषणा की गई है जो योग को जन-जन तक पहुंचाने में मददगार साबित होंगे.
पिछले 11 सालों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एक वैश्विक आयोजन बन चुका है. भारत ने विश्व को योग की जीवनशैली से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई है. आज दुनिया के कई हिस्सों में लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना चुके हैं.
गृह मंत्री अहमदाबाद में करेंगे योग
आज योगा दिवस के मौके पर देशभर में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अहमदाबाद के योग कार्यक्रम में शामिल होंगे. केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा दिल्ली के राजपथ में योग करेंगे.
आदिवासी छात्र करेंगे 108 मिनट तक सूर्य नमस्कार
विशाखापत्तनम में योग महाकुंभ में 25,000 से अधिक आदिवासी छात्र 108 मिनट तक सूर्य नमस्कार करेंगे. इसका उद्देश्य सबसे बड़े समूह और सबसे ज्यादा लोगों के एक साथ सूर्य नमस्कार करने का रिकॉर्ड बनाना है.
क्या है इस बार के योगा कार्यक्रम की थीम?
21 जून 2025 को 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य की थीम पर मनाया जाएगा. इस साल का मुख्य आयोजन योग संगम आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में आयोजित किया जा रहा है, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6:30 से 7:45 बजे तक कॉमन योगा प्रोटोकॉल के तहत देशभर के लोगों के साथ योग करेंगे. देश के एक लाख से अधिक स्थलों पर एक साथ योग किया जाएगा.