September 26, 2024

सरकारी धन का दुरुपयोग: भरतकूप में नालियों के निर्माण में धांधली,व्यापारी हो रहे परेशान


रिपोर्ट, अश्विनी श्रीवास्तव
भरतकूप,(चित्रकूट) जिला के भरतकूप कस्बे में नालियों के निर्माण को लेकर बड़े पैमाने पर धांधली सामने आई है। जहां व्यापारी और स्थानीय निवासी बदहाल नालियों के कारण परेशान हैं, वहीं सरकारी धन का भारी दुरुपयोग हुआ है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुसार, नालियों का निर्माण मध्य रोड से 30 फुट की दूरी पर होना था, लेकिन स्थानीय प्रशासन ने इन आदेशों की अनदेखी की है।वही सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की धज्जियां उड़ा कर रख दी है

व्यापारी और आमजन हो रहे हैं परेशान

भरतकूप कस्बे के व्यापारी और स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई महीनों से उनकी दुकानों और घरों में बदबूदार पानी भर रहा है। उचित नाली व्यवस्था न होने के कारण सड़कें कीचड़ में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे राहगीरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अनदेखी

सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट आदेश थे कि मध्य रोड से 30 फुट की दूरी पर नालियों का निर्माण होना चाहिए, लेकिन ग्राम पंचायत अकबरपुर के सचिव मानसिंह एवं ग्राम प्रधान ने इन आदेशों की अनदेखी करते हुए नालियों का निर्माण मंदिर रोड पर करवा दिया, जहां नालियों की आवश्यकता नहीं थी। इससे सरकारी धन का दुरुपयोग भी सामने आया है।

जरूरतमंद क्षेत्रों में नहीं हो रहा नाली निर्माण

भरतकूप रोड के पीडब्ल्यूडी विभाग और ग्राम पंचायत क्षेत्र में कई ऐसे स्थान हैं जहां नाली निर्माण की सख्त आवश्यकता है, लेकिन प्रशासन वहां ध्यान नहीं दे रहा। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि जहां नालियां होनी चाहिए थीं, वहां कोई निर्माण नहीं किया गया है। इसके बजाय ऐसे स्थानों पर नालियां बनाई गई हैं जहां पहले से पर्याप्त व्यवस्था थी। और सचिव व ग्राम प्रधान नालियों के नाम पर सरकारी पैसे का बंदरबाट किया है।

जांच की मांग

स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने जिला प्रशासन से इस मामले की जांच करवाने की मांग की है। उनका कहना है कि नालियों के नाम पर जो पैसा खर्च हुआ है, वह जनता के हित में उपयोग नहीं हो रहा। उन्होंने इस घोटाले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch