March 27, 2025

कुणाल कामरा को मुंबई पुलिस का नया समन, 31 मार्च को पूछताछ के लिए बुलाया


महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पर स्टैंड-अप कॉमेडी के दौरान टिप्पणी मामले में कुणाल कामरा की मुसीबतें बढ़ती जा रही हैं। मुंबई की खार पुलिस ने गुरुवार को कामरा को नया समन भेजकर 31 मार्च को पूछताछ के लिए हाजिर होने का निर्देश दिया है। खार पुलिस स्टेशन से मिली जानकारी के मुताबिक, कुणाल कामरा वकील के जरिए पुलिस के संपर्क में हैं।

इससे पहले समन जारी होने पर कुणाल ने 2 अप्रैल तक का समय मांगा था, लेकिन पुलिस ने मोहलत देने से इनकार करते हुए 31 मार्च, सुबह 11 बजे तक खार पुलिस स्टेशन में हाजिर होने के लिए कहा है। इससे पहले कुणाल कामरा को खार पुलिस ने समन भेजकर मंगलवार को 11 बजे हाजिर होने के लिए कहा था, लेकिन कामरा हाजिर नहीं हुए और हाजिर होने के लिए एक हफ्ते का समय मांगा। पुलिस ने उनकी मांग को खारिज कर बुधवार को नया समन भेजा।

खार पुलिस ने हैबिटेट स्टूडियो से जुड़े कई लोगों से पूछताछ कर उनका बयान दर्ज किया है। पुलिस की मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ जारी है। मंगलवार को पूछताछ के लिए पुलिस के सामने पेश न होने के मामले में कामरा ने बताया कि वह अभी मुंबई से बाहर हैं, इस वजह से वह पुलिस के सामने उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि मुंबई आकर पुलिस के सामने पेश होने के लिए उन्हें एक सप्ताह का समय चाहिए।

कुणाल कामरा ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर हैबिटेट क्लब में हुई तोड़फोड़ की निंदा की और कहा कि अपनी टिप्पणी के लिए वह माफी नहीं मांगेंगे। कामरा ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, "हैबिटेट केवल एक मंच है। सभी प्रकार के शो के लिए एक जगह है। हैबिटेट (या कोई अन्य स्थल) मेरी कॉमेडी के लिए जिम्मेदार नहीं है, न ही उसके पास इस बात पर कोई नियंत्रण है कि मैं क्या कहता या करता हूं। न ही कोई राजनीतिक दल ऐसा करता है।"



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch