नई दिल्ली। एनडीए उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन देश के नए उपराष्ट्रपति चुने गए हैं। उन्होंने विपक्ष के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी को हराया। राधाकृष्णन को 452 वोट मिले जबकि रेड्डी को 300 वोट हासिल हुए।
राज्यसभा के महासचिव पी.सी. मोदी ने परिणाम घोषित करते हुए बताया कि कुल 781 सांसदों में से 767 ने मतदान किया। इनमें से 752 वोट वैध और 15 अवैध पाए गए। 12 सांसदों ने मतदान नहीं किया।
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले इस्तीफा दिया था, जिसके चलते यह चुनाव कराना पड़ा। यह देश का 17वां उपराष्ट्रपति चुनाव था।
निर्वाचक मंडल में लोकसभा और राज्यसभा के कुल 788 सदस्य शामिल होते हैं (वर्तमान में 781 सदस्य)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले मतदान कर प्रक्रिया की शुरुआत की।
गौरतलब है कि इस बार दोनों उम्मीदवार दक्षिण भारत से थे—राधाकृष्णन तमिलनाडु से और सुदर्शन रेड्डी तेलंगाना से। चुनाव से पहले विपक्ष ने बैठक कर एकजुटता दिखाई और ‘मॉक वोटिंग’ भी की थी, वहीं एनडीए ने भी अपने सांसदों को प्रक्रिया की जानकारी दी थी।