नई दिल्ली: भारतीय सेना को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कड़ी फटकार लगाई। कोर्ट ने टिप्पणी की कि,
“कोई सच्चा भारतीय ऐसा नहीं कहेगा। अगर आप जिम्मेदार नेता हैं, तो आपको इस तरह की बातें सार्वजनिक मंचों पर नहीं कहनी चाहिए।”
यह टिप्पणी 2022 में राहुल गांधी द्वारा भारत जोड़ो यात्रा के दौरान की गई थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि चीनी सैनिक अरुणाचल प्रदेश में भारतीय जवानों की पिटाई कर रहे हैं, और 2000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र पर कब्जा कर लिया गया है। इसी बयान को लेकर उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश में मानहानि का मुकदमा दर्ज किया गया था।
राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से आंशिक राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने लखनऊ ट्रायल कोर्ट द्वारा जारी समन आदेश पर रोक लगा दी है और केंद्र को नोटिस जारी कर तीन सप्ताह में जवाब मांगा है।
न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति केवी विश्वनाथन की पीठ ने राहुल गांधी के वकील, वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी से सवाल किया:
“जब आपके पास संसद जैसा मंच है, तो आपने यह बयान सोशल मीडिया और प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्यों दिया? आपके पास भले ही अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है, लेकिन ऐसी संवेदनशील बातें जिम्मेदारी से कहनी चाहिए।”
"विश्वसनीय स्रोत क्या है?"
न्यायमूर्ति दत्ता ने कहा:
“आपको कैसे पता चला कि चीन ने 2000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है? आपके पास इसका विश्वसनीय प्रमाण क्या है? एक सच्चा भारतीय ऐसा नहीं कहेगा। जब सीमा पर संघर्ष होता है, तो क्या आप इस तरह सार्वजनिक मंचों पर बोल सकते हैं?”
इस पर सिंघवी ने जवाब देते हुए कहा कि अगर विपक्ष के नेता को भी ये सवाल उठाने की अनुमति नहीं होगी, तो लोकतंत्र का क्या अर्थ रह जाएगा।
राहुल गांधी ने दिसंबर 2022 में राजस्थान की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि
“लोग भारत जोड़ो यात्रा, अशोक गहलोत और सचिन पायलट को लेकर सवाल करते हैं, लेकिन चीन द्वारा 2000 वर्ग किमी जमीन कब्जाने, 20 सैनिकों की शहादत और अरुणाचल में जवानों की पिटाई पर कोई सवाल नहीं करता।”
इसी बयान को लेकर उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति ने मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था।
लखनऊ की एमपी-एमएलए अदालत ने राहुल गांधी को समन जारी किया था, जिसे चुनौती देते हुए उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर की, लेकिन हाईकोर्ट ने याचिका खारिज कर दी थी।
सुप्रीम कोर्ट ने यह स्पष्ट किया है कि लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता महत्वपूर्ण है, लेकिन संवेदनशील मुद्दों पर नेताओं को संयम बरतना चाहिए। अदालत ने कार्यवाही पर रोक तो लगा दी है, लेकिन यह मामला राजनीतिक और संवैधानिक दृष्टि से आने वाले दिनों में और चर्चा का विषय बन सकता है।