पुंछ (जम्मू-कश्मीर): जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन 'शिव-शक्ति' के तहत दो आतंकियों को मार गिराने में बड़ी सफलता हासिल की है। यह मुठभेड़ पुंछ के देगवार सेक्टर के मालदीवलन इलाके में हुई, जहां मंगलवार देर रात से ही सेना और आतंकियों के बीच घमासान जारी था।
अधिकारियों के अनुसार, सेना के सतर्क जवानों ने मंगलवार रात को मालदीवलन क्षेत्र में आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश को भांप लिया था। इसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया और मुठभेड़ शुरू हो गई। सुबह करीब 5:30 बजे दोनों आतंकियों को ढेर कर दिया गया। भारी बारिश के चलते शवों की बरामदगी में थोड़ी देरी हुई।
पिछले 72 घंटों के भीतर ऑपरेशन 'शिव-शक्ति' के तहत यह दूसरी बड़ी सफलता है। अब तक दो अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षाबल पांच आतंकियों को मार गिरा चुके हैं। सेना का यह अभियान घुसपैठ और आतंकवाद को जड़ से खत्म करने की रणनीति का हिस्सा है।
इस कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि सीमाई क्षेत्रों में सुरक्षाबलों की सतर्कता और मजबूत गश्त के चलते आतंकियों की घुसपैठ की हर कोशिश नाकाम हो रही है। सेना ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है ताकि किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि को रोका जा सके।