Pahalgam Attack : आधी रात को पाकिस्तानी राजदूत तलब, थमा दिया PNG नोट
Pahalgam Attack : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत का जवाबी एक्शन शुरू हो गया है। बुधवार देर रात दिल्ली में पाकिस्तान के शीर्ष राजनयिक साद अहमद वराइच को तलब किया गया है। साथ ही पाकिस्तान के सैन्य राजनयिकों को पर्सोना नॉन ग्राटा नोट भेजा। बता दें कि पर्सोना नॉन ग्राटा का मतलब है कि किसी राजनयिक या विदेशी व्यक्ति को किसी विशेष देश में प्रवेश या रहने से मना करना। भारत ने पाकिस्तान के सैन्य राजनयिकों को ये नोट थमाया है, जिसके बाद उन्हें एक हफ्ते के अंदर भारत छोड़ना होगा।
इस बीच, हमले में मारे गए लोगों के पार्थिव शरीर उनके घर पहुंचने लगे हैं। हर परिवार में गमगीन माहौल है और देश में गुस्सा है।
CCS की मीटिंग में ये बड़े फैसले लिए गए
- 1960 की सिंधु जल संधि सस्पेंड किया गया है। भारत ने कहा है कि जब जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद को अपना सपोर्ट बंद नहीं करता तब तक उसे सिंधु नदी का पानी नहीं दिया जाएगा। मतलब कि पाकिस्तान के एक बड़े इलाके में अब पानी की भारी किल्लत हो सकती है।
- अटारी का चेक पोस्ट तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है यानी अब सड़क मार्ग से पाकिस्तानियों की भारत में एंट्री बंद हो जाएगी। जिन लोगों के पास वैध दस्तावेज हैं वो 1 मई से पहले इस रास्ते से वापस पाकिस्तान जा सकते हैं।
- सार्क वीजा छूट योजना यानी एसवीईएस वीजा के तहत पाकिस्तानी नागरिकों को भारत की यात्रा करने की छूट बंद कर दी गई है। पाकिस्तानी नागरिकों को जारी सभी वीजा रद्द कर दिए गए हैं और उन्हें 48 घंटे के अंदर भारत छोड़ने को कहा गया है।
- नई दिल्ली में पाकिस्तानी उच्चायोग में सैन्य सलाहकारों को एक हफ्ते में भारत छोड़ने को कहा गया है। साथ ही उच्चायोग में स्टाफ की संख्या भी 55 से घटाकर 30 कर दी गई है।
- इनके अलावा भारत भी इस्लामाबाद स्थित अपने उच्चायोग से सैन्य अफसरों को वापस बुलाएगा यानी पाकिस्तान के साथ अब नाम मात्र के डिप्लोमैटिक रिश्ते रहेंगे।
घबराए शहबाज शरीफ ने इसलिए बुलाई राष्ट्रीय सुरक्षा समिति की बैठक?
- मुजफ्फराबाद में जीपीओ ऑफिस के पास धमाका हुआ है. इमारत की खिड़कियां और दरवाजे टूट गए. पुलिस मौके पर पहुंची. किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. बम निरोधक दस्ते को बुलाया को भी बुलाया गया. कानून प्रवर्तन एजेंसियां मौके पर पहुंचीं हैं और जांच जारी है.
- रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा समिति की बैठक में भारतीय कार्रवाई का उचित जवाब तय किया जाएगा लेकिन उससे पहले ही ये धमाके की घटना सामने आ गई. भले ही पाकिस्तान बड़े-बड़े बोल रहा हो लेकिन हकीकत उसे भी पता है, जब भारत एक्शन करेगा तो उसका जवाब देश के पास नहीं होगा.
- पाकिस्तान की पंजाब सरकार में एक मंत्री ने कहा कि उनका देश भारत की ओर से ‘किसी भी संभावित आक्रमण के लिए पूरी तरह से तैयार है’. मंत्री के इस बयान से संकेत मिलता है कि भारत पहलगाम आतंकी हमले को लेकर जवाबी कार्रवाई कर सकता है.
- यह 2019 में पुलवामा हमले के बाद घाटी में सबसे घातक हमला है. पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के सहयोगी ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (टीआरएफ) ने हमले की जिम्मेदारी ली. ये बात पाकिस्तान भी जानता है कि हमले के तार जुड़ने के बाद भारत उसे नहीं छोड़ेगा.
- इसके अलावा, पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने कुछ दिन पहले कश्मीर को पाकिस्तान की ‘गले की नस’ बताया था. जनरल मुनीर ने 15 अप्रैल को इस्लामाबाद में पहले प्रवासी पाकिस्तानी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा था, ‘‘हमारा रुख बिल्कुल स्पष्ट है, यह हमारी गले की नस थी, यह हमारी गले की नस रहेगी और हम इसे नहीं भूलेंगे. हम अपने कश्मीरी भाइयों को उनके वीरतापूर्ण संघर्ष में अकेला नहीं छोड़ेंगे.’’ इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, वरिष्ठ मंत्री और विदेशों में रहने वाले पाकिस्तानी भी शामिल हुए. उनके इस बयान के बाद पहलगाम में आतंकियों ने हमला कर दिया.
भारत के एक्शन के बाद डरे पाकिस्तानी PM
पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कठोर कदम उठाए हैं जिसके बाद पाकिस्तान सरकार घबरा गई है। भारत के एक्शन के बाद आज पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने राष्ट्रीय सुरक्षा समिति की बैठक बुलाई है। इस बैठक में भारत के फैसलों का पाकिस्तान पर पड़ने वाले असर और जवाबी कार्रवाई पर रणनीति बनाई जाएगी। बैठक में सेना के तीनों अंगों के प्रमुख और प्रमुख कैबिनेट मंत्री शामिल होंगे।