Pahalgam Terror Attack: पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए जब देश के गृह मंत्री अमित शाह श्रीनगर के पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे तो वहां का पूरा माहौल गमगीन था। मृतकों को श्रद्धांजलि देने के बाद गृह मंत्री शाह उस ओर बढ़े जहां मृतकों को परिजन मौजूद थे। अमित शाह ने उनसे मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर पर एक पोस्ट में कहा, "भारी मन से पहलगाम आतंकी हमले के मृतकों को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। भारत आतंक के आगे नहीं झुकेगा। इस नृशंस आतंकी हमले के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।"
आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए यहां पुलिस नियंत्रण कक्ष में आयोजित शोक समारोह में पुष्पचक्र अर्पित करने के बाद शाह हेलिकॉप्टर से श्रीनगर से करीब 110 किलोमीटर दूर बैसरन के लिए रवाना हुए। बैरसन में ही आतंकवादियों ने पर्यटकों पर हमले किए थे। अमित शाह ने सुरक्षा अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी ली और मौके का मुआयना किया।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले से आहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब दौरा रद्द कर तुरंत भारत लौटे. दिल्ली पहुंचते ही एयरपोर्ट पर उन्होंने आपात बैठक बुलाई. इस अति महत्वपूर्ण बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और विदेश सचिव मौजूद थे. प्रधानमंत्री की विदेश यात्रा से वापसी के तुरंत बाद इस उच्च स्तरीय बैठक में हमले की गंभीरता, अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया और सुरक्षा रणनीतियों पर विस्तार से मंथन किया गया।
आतंकवादियों ने मंगलवार को दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में एक प्रमुख पर्यटक स्थल पर हमला किया, जिसमें कम से कम 26 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। इनमें ज्यादातर पर्यटक थे। शाह हमले के कुछ घंटों के भीतर मंगलवार रात को यहां पहुंचे और उन्हें पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने स्थिति के बारे में जानकारी दी। गृह मंत्री ने एक सुरक्षा समीक्षा बैठक की भी अध्यक्षता की, जिसमें उपराज्यपाल भी शामिल हुए।