May 03, 2025

पाकिस्तान ने LoC पर लगातार 9वीं रात तोड़ा सीजफायर, भारतीय सेना ने जवाब दिया


Pakistan Ceasefire Violation : भारतीय सेना ने बताया कि पाकिस्तान ने आज शनिवार को लगातार 9वीं रात जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर भारतीय चौकियों पर बिना उकसावे के गोलीबारी करके संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन किया। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, उरी और अखनूर इलाकों में गोलीबारी की खबर है।

जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर विभिन्न सेक्टर में लगातार नौवीं रात भारत और पाकिस्तानी सैनिकों के बीच गोलीबारी हुई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन करते हुए गोलीबारी की जिसका भारतीय सेना ने माकूल जवाब दिया। इस गोलीबारी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। यह लगातार नौवीं रात थी जब सीमा पार से बिना उकसावे के गोलीबारी की गई।

गोलीबारी की अब तक की अधिकतर घटनाएं एलओसी पर हुई हैं। केवल एक घटना अंतरराष्ट्रीय सीमा पर हुई। पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद इस तरह की घटनाएं बढ़ गई हैं। इस हमले में 26 लोग की मौत हो गई थी जिनमें अधिकतर पर्यटक थे। एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘दो और तीन मई की मध्य रात पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, उरी और अखनूर क्षेत्रों के पास एलओसी पर बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की। भारतीय सेना ने इसका तुरंत माकूल जवाब दिया।’’

पाकिस्तानी सैनिक की बिना उकसावे के गोलीबारी

पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद भारत द्वारा सिंधु जल संधि को निलंबित किए जाने के कुछ घंटों के उपरांत 24 अप्रैल की रात से पाकिस्तानी सैनिक एलओसी पर विभिन्न स्थानों पर बिना उकसावे के गोलीबारी कर रहे हैं। भारत और पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशकों (डीजीएमओ) के बीच हाल में ‘हॉटलाइन’ पर बातचीत हुई थी। ऐसा बताया गया है कि इस दौरान भारत ने पाकिस्तान की ओर से बिना उकसावे के की जा रही गोलीबारी को लेकर उसे चेतावनी दी थी। इसके बावजूद गोलीबारी रुक नहीं कर रही।

मंगलवार सुबह तक संघर्ष विराम उल्लंघन केवल नियंत्रण रेखा तक ही सीमित था। लेकिन मंगलवार देर रात जम्मू के परगवाल सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी सेना द्वारा गोलीबारी शुरू किए जाने के बाद स्थिति और बिगड़ गई। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर परागवाल सेक्टर में गोलीबारी के बाद अतिरिक्त बीएसएफ जवानों को तैनात किया गया है। सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में तैनात भारतीय सेना के जवानों ने मौजूदा स्थिति और संघर्ष विराम उल्लंघन के बारे में सैन्य अभियान महानिदेशक (DGMO) को जानकारी दी। तनाव कम करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, 25 फरवरी, 2021 को भारतीय और पाकिस्तानी सेनाओं ने घोषणा की कि वे 2003 के संघर्ष विराम समझौते के प्रति खुद को प्रतिबद्ध करते हुए नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी बंद कर देंगे। पिछले सप्ताह तक संघर्ष विराम समझौते का व्यापक रूप से पालन किया जा रहा था। पहलगाम हमले में शामिल आतंकवादियों का पता लगाने के भारत के दावे के बाद पाकिस्तानी सेना को हाई अलर्ट पर रखा गया है।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch