नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) सांसद प्रताप सारंगी चोटिल हो गए हैं. बीजेपी सांसद सांरगी का दावा है कि राहुल गांधी के धक्के से वह चोटिल हुए हैं. उन्हें फिलहाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बीजेपी इस मामले में राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करा सकती है.
सारंगी ने कहा कि मैं सीढ़ियों पर खड़ा था. राहुल गांधी ने एक सांसद को धक्का दिया और वो सांसद मेरे ऊपर गिर गए, जिससे मैं गिर गया और चोट लग गई.
बीजेपी और कांग्रेस सांसदों में बात धक्का-मुक्की तक कैसे आई, पहले इसे जानते हैं. दरअसल, आंबेडकर के मुद्दे पर आज गुरुवार को संसद परिसर में बीजेपी और कांग्रेस ने प्रदर्शन किया. बीजेपी ने कांग्रेस पर आंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाया है. संसद परिसर में वो मुख्य विपक्षी दल के खिलाफ प्रदर्शन कर रही थी. इसी दौरान कांग्रेस सांसदों का भी प्रदर्शन हो रहा था.
राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी के सांसद प्रदर्शन कर रहे थे. वे गृह मंत्री अमित शाह से माफी की मांग कर रहे हैं. माफी राज्यसभा में आंबेडकर पर दिए बयान को लेकर मांगी जा रही है. इसी प्रदर्शन के दौरान सत्तापक्ष और विपक्ष के सांसद आमने-सामने आ गए. प्रताप सारंगी के मुताबिक, मैं सीढ़ियों के पास खड़ा था. जब राहुल गांधी आए तो उन्होंने एक सांसद को धक्का दे दिया जो मेरे ऊपर गिर गया. इसके बाद मैं नीचे गिर गया. बीजेपी ने भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने धक्का-मुक्की की, जिसके कारण उसके सांसद प्रताप सारंगी गिर गए और उनके सिर में चोट लग गई.