रिपोर्ट, अश्विनी श्रीवास्तव
चित्रकूट। मानिकपुर तहसील के खिचरी गांव के निवासी लक्ष्मी, रामबाबू व कल्लू ने जिलाधिकारी को लिखे पत्र में कहा है कि गांव में उन लोगों को जमीन का पट्टा किया गया था। कई सालों से वह इस जमीन पर खेती कर रहे है। गांव में चकबंदी के बाद भी उन्हें यह जमीन मिली थी।
इसके बावजूद महावीर नगर निवासी दबंग कमल द्वारा बीती 27 सितंबर को जेसीबी के जरिए उनके खेत की मेड़ तोड़कर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। जिसकी सूचना मिलने पर वह लोग मौके पर पहुंच गए और अवैध कब्जे का विरोध करने लगे। इस पर दबंग ने उन्हें जेल भेजने की धमकी दी। जिसकी सूचना उन्होंने इलाकाई पुलिस-प्रषासनिक अधिकारियों को दी, किंतु कोई सुनवाई नहीं हुई।
आरोप लगाया कि उनके और उनके परिवार की महिलाओं के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उत्पीड़न किया जा रहा है। साथ ही एक पुलिसकर्मी ने मध्यस्थ के जरिए उनसे 10,000 रुपये भी ले लिए है। पीड़ितों ने अपनी जमीन को दबंगों के कब्जे से बचाने की गुहार लगाई है।