कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केरल की वायनाड लोकसभा सीट छोड़ दी है। वे कल वायनाड सीट से इस्तीफा देंगे। वहीं रायबरेली सीट से सांसद बने रहेंगे। जबकि प्रियंका गांधी वायनाड सीट से उपचुनाव लड़ेंगी। कांग्रेस की 2 घंटे की बैठक के बाद राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने इसका ऐलान किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि राहुल गांधी ने 2 सीटों पर लोकसभा चुनाव जीता है, जिसके चलते उन्हें एक सीट छोड़नी पड़ेगी। पार्टी ने तय किया है कि राहुल गांधी को रायबरेली की सीट रखनी चाहिए। वायनाड से खाली सीट पर प्रियंका गांधी वाड्रा चुनाव लड़ेंगी। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि रायबरेली और वायनाड से मेरा भावनात्मक रिश्ता है। पिछले 5 साल से मैं वायनाड से सांसद था।
राहुल गांधी ने कहा कि मुझे वहां सभी ने बहुत प्यार दिया। इसके लिए मैं सभी का दिल से धन्यवाद देता हूं। प्रियंका वायनाड से चुनाव लड़ेंगी। हम मिलकर वायनाड से किए हर वादे को पूरा करेंगे। मैं समय-समय पर वायनाड का दौरा करूंगा। उन्होंने कहा कि मेरा रायबरेली से पुराना रिश्ता है। खुशी है कि मुझे फिर उनका प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा, लेकिन ये एक कठिन फैसला था। वहीं कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि मैं बहुत खुश हूं कि मैं वायनाड के लोगों का प्रतिनिधित्व करने जा रही हूं। मैं वायनाड को राहुल गांधी की कमी महसूस नहीं होने दूंगी। हम दोनों रायबरेली में भी मौजूद होंगे और वायनाड में भी। मैं एक अच्छा प्रतिनिधि बनने की पूरी कोशिश करूंगी। रायबरेली के साथ मेरा बहुत पुराना रिश्ता है, जो किसी भी कीमत पर टूट नहीं सकता।
प्रियंका ने कहा कि मैं और राहुल भैया रायबरेली और वायनाड दोनों जगह मौजूद रहेंगे। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि यह एक बेहतरीन फैसला है। हर कोई इस फैसले से खुश है। राहुल गांधी रायबरेली से सांसद रहेंगे और प्रियंका गांधी वायनाड से चुनाव लड़ेंगी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि उत्तरप्रदेश की जनता की और हम सभी लोगों की मांग थी कि राहुल गांधी रायबरेली से सांसद रहें। सोनिया गांधी ने रायबरेली के लोगों से कहा था कि मैं अपना बेटा आपको सौंप रही हूं और जनता ने उस बेटे का सम्मान किया। मैं राहुल गांधी को बहुत धन्यवाद और बधाई देता हूं। प्रियंका गांधी निश्चित तौर पर समाज को जोड़ने में कामयाब रहेंगी और कांग्रेस को मजबूत करेंगी।