Raid In Vinod Rai Residence : बिहार की राजधानी पटना में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने ग्रामीण कार्य विभाग के अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार राय के घर छापेमारी कर करोड़ों की अवैध संपत्ति का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान अभियंता ने अवैध नकदी को बचाने के लिए नोटों की गड्डियां जला दीं और लाखों रुपये पानी की टंकी में छुपा दिए।
21 अगस्त को EOU को सूचना मिली थी कि अभियंता विनोद कुमार राय अपनी इनोवा कार से अवैध नकदी ले जा रहे हैं। सत्यापन के बाद एएसपी कुमार इंद्रप्रकाश, डीएसपी राकेश कुमार और पुलिस अधिकारियों की टीम ने पटना के भूतनाथ रोड स्थित आवास पर छापा मारा।
छापे की भनक लगते ही राय ने घर में ही लाखों रुपये की गड्डियां जला दीं। जले हुए नोट टॉयलेट पाइप और नालियों में फंसे मिले। नालियां पूरी तरह जाम हो गईं जिन्हें बाद में नगर निगम कर्मियों की मदद से साफ कराया गया। इस दौरान अधजली करंसी और दस्तावेज बरामद हुए।
तलाशी में घर की पानी की टंकी से 39.50 लाख रुपये नकदी बरामद की गई। जले हुए नोटों को मिलाकर कुल बरामदगी करीब 52 लाख रुपये की हुई।
EOU को तलाशी में लगभग 26 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, बीमा पॉलिसी, चल-अचल संपत्ति के दस्तावेज और इनोवा क्रिस्टा कार भी मिली। बरामद दस्तावेजों का मूल्यांकन जारी है।
अभियंता विनोद कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, उनकी पत्नी बबली राय पर जांच टीम के साथ अभद्र व्यवहार और तलाशी में बाधा डालने का आरोप है। उनके खिलाफ भी मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।