मेरठ (यूपी)। विक्टोरिया पार्क में चल रही रामकथा के दौरान जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य ने महिलाओं और शिक्षा को लेकर ऐसा बयान दिया, जिसने नया विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि “हिंदू धर्म में मां को पिता से बड़ा दर्जा दिया जाता है, जबकि अन्य धर्मों में महिलाओं के साथ ऐसा व्यवहार नहीं होता।”
रामभद्राचार्य ने इस्लाम धर्म को लेकर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि महिलाओं की स्थिति वहां बेहतर नहीं है। उन्होंने कहा, “एक महिला से कई बच्चे पैदा होते हैं और फिर तीन तलाक देकर छोड़ दिया जाता है। यह ‘यूज एंड थ्रो’ जैसी प्रवृत्ति है।”
उन्होंने बच्चों की पढ़ाई को लेकर अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को कॉन्वेंट या मदरसे में न भेजें, बल्कि सरस्वती विद्यालय जैसे संस्थानों में पढ़ाएं ताकि बच्चे भारतीय संस्कृति से जुड़े रहें।
यह पहला मौका नहीं है जब स्वामी रामभद्राचार्य अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में आए हों। इससे पहले उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश को “मिनी पाकिस्तान” बताया था और हिंदुओं से मुखर होने की अपील की थी। उनके इस बयान पर समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन ने आपत्ति जताई थी और इसे पूरे पश्चिमी यूपी का अपमान बताया था।