रिपोर्ट, अश्विनी श्रीवास्तव
चित्रकूट। जिले के पहाड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंदाकिनी नदी के भुइया बाबा घाट पर बालू माफिया अवैध खनन कर रहे हैं। इस अवैध गतिविधि से मां मंदाकिनी का सीना छल्ली हो रहा है, लेकिन प्रशासन की आंखें बंद हैं। ग्राम मकरी पहरा और रेहूटा के बीच के इस घाट पर दिन-रात आधा दर्जन से अधिक ट्रैक्टरों द्वारा बालू की लूट की जा रही है।
अवैध खनन का खेल जारी
सूत्रों की मानें तो बालू माफिया थाने में अच्छी पकड़ रखते हैं, जिसकी वजह से आज तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन हो या रात, अवैध खनन का सिलसिला जारी रहता है। माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें किसी का डर नहीं है।
पुलिस की चुप्पी पर सवाल
जब इस मामले पर पहाड़ी थाना प्रभारी से बात की गई, तो उन्होंने कहा, "मुझे इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।" ऐसे में बड़ा सवाल उठता है कि आखिर किसकी सह पर यह अवैध खनन हो रहा है? पुलिस प्रशासन की अनदेखी ने इस अवैध गतिविधि को और बढ़ावा दिया है।
ग्रामीणों की शिकायतें अनसुनी
स्थानीय ग्रामीणों ने कई बार प्रशासन से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही इस पर कड़ा कदम नहीं उठाया गया, तो मंदाकिनी नदी पूरी तरह से बर्बाद हो जाएगी।
किसकी सरपरस्ती में हो रहा अवैध खनन?
प्रशासनिक चुप्पी और माफियाओं के खुले खेल से यह सवाल उठता है कि आखिर इस अवैध खनन को किसका संरक्षण प्राप्त है? ग्रामीणों के मन में आक्रोश है, लेकिन पुलिस और प्रशासन की निष्क्रियता के कारण वे असहाय महसूस कर रहे हैं।