Lok Sabha Chunav 2024: पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के हत्यारे बेअंत सिंह के बेटे सरबजीत सिंह ने गुरुवार को लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया। सरबजीत सिंह पंजाब के फरीदकोट लोकसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ेगा। सरबजीत ने कहा कि मुझे फरीदकोट के बहुत सारे लोगों ने चुनाव लड़ने के लिए कहा। इसके बाद मैंने चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
बता दें कि सरबजीत सिंह के पिता बेअंत सिह पूर्व पीएम इंदिरा गांधी के दो हत्यारों में से एक थे। बेअंत सिंह और संतवंत सिंह ने इंदिरा गांधी के बॉडीगार्ड थे। इन दोनों 31 अक्टूबर 1984 को इंदिरा गांधी की हत्या कर दी थी। इंदिरा गांधी की सुरक्षा में तैनात दूसरे सुरक्षा गार्ड्स ने बेअंत सिंह को जवाबी कार्रवाई में मौके पर ही गोली मार दी थी। वहीं, संतवंत को गिरफ्तार कर लिया गया था और बाद में उसे फांसी सजा सुनाई गई थी।
सरबजीत सिंह मोहाली का रहने वाला है 12वीं तक की पढ़ाई की। उसने चंडीगढ़ के खालसा कॉलेज में ग्रेजुएशन करने के लिए दाखिला लिया था, लेकिन अपनी पढ़ाई पूरी नहीं की। सरबजीत सिंह इससे पहले 2004 में बठिंडा से लोकसभा चुनाव लड़ चुका है। उसे 1.13 लाख वोट मिले थे, लेकिन चुनाव में उसे हार का सामना करना पड़ा था। इसके साथ ही उसने 2007 में बरनाला के भदौर सीट से विधानसभा चुनाव भी लड़ा था। इस चुनाव में भी उसे जीत नहीं मिली थी।
सरबजीत सिंह 2014 में फतेहगढ़ साहिब सीट से भी लोकसभा चुनाव लड़ा था। उस समय सरबजीत ने अपने पास 3.5 करोड़ रुपए की संपत्ति होने की बात कही थी। 2019 के लोकसभा चुनाव में सरबजीत सिंह ने बहुजनल समाजवादी पार्टी (BSP) के टिकट से चुनाव लड़ा था और एक बार फिर उसे हार ही मिली थी। 1989 में सरबजीत की मां बिमल कौर रोपर सीट से सांसद चुनी गईं थीं। इसी साल उसके दादा भी बठिंडा से लोकसभा चुनाव जीते थे।