पुरी (ओडिशा)। ओडिशा के पुरी में रविवार तड़के प्रसिद्ध जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गुंडिचा मंदिर के पास भारी भीड़ के बीच मची भगदड़ में 3 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा सुबह 4 से 5 बजे के बीच हुआ, जब हजारों की संख्या में श्रद्धालु देवदर्शन के लिए मौजूद थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सारधाबली क्षेत्र में पहले से ही भारी भीड़ थी। इसी दौरान दो ट्रकों के अचानक भीड़ में घुसने की कोशिश से अफरा-तफरी मच गई। स्थान की संकीर्णता, अपर्याप्त पुलिस बल और रथों के पास बिखरे ताड़ के लट्ठों ने स्थिति को और भयावह बना दिया।
प्रेमकांत मोहंती (80)
बसंती साहू (36)
प्रभाती दास (42)
घायल श्रद्धालुओं को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
ओडिशा सरकार ने घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चस्तरीय जांच के आदेश जारी किए हैं। राज्य के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा— “यह दुखद त्रासदी है। हम घटना की गहन जांच कराएंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
इस हादसे से ठीक एक दिन पहले, भारी भीड़ और गर्मी की वजह से 750 से अधिक श्रद्धालु बेहोश हो गए थे। 230 लोगों को संक्रामक रोग अस्पताल (IDH) में भर्ती किया गया। 520 को जिला मुख्यालय अस्पताल (DHH) में इलाज के लिए शिफ्ट किया गया। एक श्रद्धालु की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया है।
हादसे के बाद से प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पुलिस बल और स्वास्थ्य सुविधाओं को रथ यात्रा मार्ग पर बढ़ा दिया गया है।