July 19, 2024

माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में आई तकनीकी खामी, हवाई सेवाएं, मेट्रो, टेलीकॉम, बैंक, न्यूज़ चैनल पर असर


Microsoft Outage Impact : माइक्रोसॉफ्ट का सर्वर अचानक ठप हो जाने से पूरी दुनिया में हाहाकार मच गया। भारत से लेकर ब्रिटेन, अमेरिका, फ्रांस, जर्मनी समेत दुनिया के सभी देशों में विमान सेवाएं ठप हो गईं। बैंक और रेल सेवाएं भी कराहने लगीं। इससे पूरी दुनिया में हड़कंप मच गया। एक साथ पूरे विश्व में विमान से लेकर, बैंक, रेल समेत अन्य ऑनलाइन सेवाएं इससे पहले शायद इतने बड़े पैमाने पर कभी ठप नहीं हुए। आरंभिक तौर पर इसे माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में आई तकनीकी खामी को वजह माना जा रहा है। मगर इस घटना के पीछे साइबर हमले की आशंका से भी इन्कार नहीं किया जा सकता। दुनिया भर के आइटी विशेषज्ञ सर्वर को ठीक करने का प्रयास कर रहे हैं। ताकि विश्व में रद्द हुई सैकड़ों उड़ानों और रेल सेवाओं को फिर से शुचारू किया जा सके।


इस घटना के चलते दुनिया भर में माइक्रोसॉफ्ट उपयोगकर्ताओं ने शुक्रवार को बैंकों और एयरलाइंस सहित अन्य सेक्टरों में व्यापक व्यवधान की सूचना दी। प्रौद्योगिकी कंपनी ने कहा है कि वह धीरे-धीरे माइक्रोसॉफ्ट 365 ऐप और सेवाओं तक पहुंच को प्रभावित करने वाली समस्या को ठीक कर रही है। व्यवधान का कारण, प्रकृति और पैमाना स्पष्ट नहीं है। माइक्रोसॉफ्ट ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि “स्थिति में सुधार हो रहा है।” हालांकि घंटों बाद भी दुनिया भर में व्यवधान बढ़ने की खबरें आ रही हैं।


कब तक ठीक होगा सर्वर

माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर को कब तक ठीक कर लिया जाएगा और विमान, बैंकिंग व रेल सेवाएं दोबारा कब से शुरू हो पाएंगी, इस बारे में अभी कोई सटीक दावा कर पाना किसी के लिए भी मुश्किल साबित हो रहा है। मगर दुनिया भर के सैकड़ों सॉफ्टवेयर इंजीनियर और साइबर विशेषज्ञ जल्द से जल्द समस्या का समाधान खोजने के प्रयास में जुट गए हैं। उपयोगकर्ताओं द्वारा सूचित की गई इंटरनेट रुकावटों पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘डाउनडिटेक्टर’ ने बताया कि वीजा, एडीटी सिक्योरिटी और अमेजन, तथा अमेरिकन एयरलाइंस और डेल्टा समेत विभिन्न एयरलाइनों में सेवाओं में व्यवधान बढ़ा है।


पूरी दुनिया में खलबली

इस समस्या के चलते भारत, ब्रिटेन से लेकर पूरी दुनिया में खलबली मची हुई है। ऑस्ट्रेलिया में समाचार प्रतिष्ठानों ने बताया कि एयरलाइंस, दूरसंचार प्रदाता और बैंक तथा मीडिया प्रसारक अपने कंप्यूटर सिस्टम पर पहुंच स्थापित नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनकी सेवाएं बाधित हो गईं। न्यूजीलैंड के कुछ बैंकों ने कहा कि वे भी ‘ऑफलाइन’ हैं। माइक्रोसॉफ्ट 365 ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि कंपनी ‘प्रभावित ट्रैफिक को वैकल्पिक प्रणालियों पर पुनर्निर्देशित करने पर काम कर रही है ताकि अधिक शीघ्रता से प्रतिकूल प्रभाव को कम किया जा सके’ और वे ‘सेवा उपलब्धता में सकारात्मक रुझान देख रहे हैं।’ इस संबंध में सवाल करने पर कंपनी ने फिलहाल जवाब नहीं दिया है। इसी तरह दुनिया के अन्य देशों में भी माइक्रोसॉफ्ट के उपयोगकर्ताओं ने सेवाओं में बड़े पैमाने पर व्यवधान की सूचना दी है।




Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch