September 07, 2025

शिक्षा, समाज और राष्ट्र जीवन पर चर्चा के साथ संघ की अखिल भारतीय समन्वय बैठक संपन्न


जोधपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तीन दिवसीय अखिल भारतीय समन्वय बैठक (5–7 सितम्बर) के उपरांत लालसागर में आयोजित पत्रकार वार्ता में अ. भा. प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने शिक्षा, समाज और राष्ट्र जीवन के विविध पहलुओं सहित संघ शताब्दी वर्ष की योजनाओं की जानकारी साझा की।

उन्होंने बताया कि बैठक में शिक्षा क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया गया। नई शिक्षा नीति के क्रियान्वयन, मातृभाषा में शिक्षा को प्रोत्साहन, भारतीय ज्ञान परंपरा के समावेश, पुस्तक पुनर्लेखन और शिक्षक प्रशिक्षण जैसे विषयों पर विमर्श हुआ।

सामाजिक परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए पंजाब में नशाखोरी और मतांतरण, पश्चिम बंगाल में घुसपैठ तथा पूर्वोत्तर में शांति और विकास जैसे मुद्दे सामने आए। मणिपुर की घटनाओं में संवाद आधारित शांति प्रयासों की सराहना की गई।

जनजातीय समाज के संदर्भ में नक्सल-माओवादी हिंसा में कमी का उल्लेख करते हुए वनवासी कल्याण आश्रम की गतिविधियों और जनजातीय अधिकारों पर किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला गया।

संघ शताब्दी वर्ष (2025–26) के लिए पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन और नागरिक कर्तव्य जैसे विषयों पर विशेष कार्यक्रम प्रस्तावित किए गए हैं। इसका औपचारिक शुभारंभ 2 अक्टूबर 2025 को नागपुर में विजयादशमी उत्सव के साथ होगा।

महिला सहभागिता पर विशेष बल देते हुए आंबेकर ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत महिला कार्यकर्ताओं द्वारा 887 कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं और महिलाओं की भागीदारी निरंतर बढ़ रही है।

मतांतरण, घुसपैठ, काशी-मथुरा जैसे विषयों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि समाधान कानूनी और आपसी संवाद से ही संभव है। भाषा पर उन्होंने कहा कि प्राथमिक शिक्षा मातृभाषा में होनी चाहिए और भारतीय भाषाओं को शिक्षा व शासन में सम्मान मिलना चाहिए।

06 सितम्बर की रात्रि में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोकगायक अनवर खान की प्रस्तुति रही, जिनका सरसंघचालक ने अभिनंदन किया।

पत्रकार वार्ता में जोधपुर प्रांत संघचालक हरदयाल वर्मा, अ. भा. सह प्रचार प्रमुख नरेन्द्र ठाकुर एवं प्रदीप जोशी भी उपस्थित रहे।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch