Army Chief Upendra Dwivedi: केंद्र सरकार ने मंगलवार (11 जून) को लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी को अगला सेना प्रमुख बनाने का ऐलान किया. लेफ्टिनेंट उपेंद्र द्विवेदी इससे पहले वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के तौर पर कार्यरत हैं. उनका कार्यकाल 30 जून 2024 से शुरू होगा.
एक बयान के मुताबिक, लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी 30 जून को कार्यभार ग्रहण करेंगे, जबकि वर्तमान सेनाध्यक्ष जनरल मनोज सी पांडे उसी दिन अपना पद छोड़ेंगे. 1 जुलाई 1964 को जन्मे उपेंद्र द्विवेदी को दिसंबर 1984 में सेना की इन्फैंट्री (जम्मू और कश्मीर राइफल्स) में कमीशन मिला था.
इन पदों पर तैनात रहे उपेंद्र द्विवेदी
बयान में कहा गया, "लगभग 40 सालों की अपनी लंबी और विशिष्ट सेवा के दौरान उन्होंने विभिन्न कमांड, स्टाफ, अनुदेशात्मक और विदेशी नियुक्तियों में कार्य किया है. लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी की कमान नियुक्तियों में रेजिमेंट (18 जम्मू और कश्मीर राइफल्स), ब्रिगेड (26 सेक्टर असम राइफल्स), डीआईजी, असम राइफल्स (पूर्व) और 9 कोर की कमान शामिल है.
गांधी चौक शासकीय क्वार्टर में रहते थे
लेफ्टिनेंट जनरल उपेन्द्र द्विवेदी के सेना प्रमुख चुने जाने के बाद 51 वर्ष पूर्व अंबिकापुर की यादें ताजा हो गई। इनके पिता श्रीकृष्ण द्विवेदी माइनिंग अधिकारी थे। उनके स्थानांतरण के दौरान जनरल उपेन्द्र द्विवेदी पिता के साथ 1972 में अंबिकापुर आए थे। यह पिता के साथ गांधी चौक स्थित शासकीय आवास में रहते थे।
पिता ने इनका दाखिला सरस्वती शिशु मंदिर में कक्षा 5वीं में कराया था। इनका नाम स्कूल के रिकॉर्ड आज भी दर्ज है। स्कूल की वर्तमान प्राचार्य मीरा साहू ने रिकॉर्ड के आधार पर बताया कि उपेन्द्र द्विवेदी मूलत: रीवां मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं। उन्होंने पांचवीं बोर्ड की परीक्षा यहां से पास की थी।
एक वर्ष रहने के बाद चले गए थे वापस
एक वर्ष रहने के बाद पिता का वापस रीवां क्षेत्र में तबादला होने पर वे यहां से चले गए और पांचवी की प्रावीण्यता के आधार पर सैनिक स्कूल रींवा में छठवीं में प्रवेश लिया। सैनिक स्कूल में पढ़ाई करने के बाद उन्होंने एनडीए की परीक्षा पास की। सैन्य कॉलेज में स्नातक उपरांत वर्ष 1984 में भारतीय सेना में कमीशन लिया। उनके सहपाठियों के अनुसार बचपन से उनमें नेतृत्व के गुण थे और वे गंभीर रहते थे।
सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल प्रबंधन में हर्ष
सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र रह चुके लेफ्टिनेंट जनरल उपेन्द्र द्विवेदी (Army Chief Upendra Dwivedi) के सेना प्रमुख चुने जाने के बाद स्कूल प्रबंधन में हर्ष है। स्कूल की प्राचार्य मीरा साहू ने बताया कि लेफ्टिनेंट जनरल उपेन्द्र द्विवेदी के सेना प्रमुख चुने जाने पर स्कूल में एक कार्यक्रम में आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में 1972 में उनके सहपाठियों का सम्मान कार्यक्रम किया जाएगा। इनके एक सहपाठी राजेश सिंह दरिमा शासकीय स्कूल में व्याख्याता हैं।