Weather Forecast : देशभर में अभी गर्मी ठीक से पड़नी शुरू भी नहीं हुई, लेकिन इसे लेकर टेंशन अभी से बढ़ने लगी है. भारत के टॉप ग्रिड ऑपरेटर ने मई-जून को लेकर चिंतित करने वाली भविष्यवाणी की है. ग्रिड ऑपरेटर ने चेतावनी दी है कि इन दो महीनों में बिजली की भारी किल्लत का सामना करना पड़ सकता है. नेशनल लोड डिस्पैच सेंटर (NLDC) की रिपोर्ट के अनुसार, विशेष रूप से गैर-सौर घंटों (नॉन-सोलर ऑवर्स) में बिजली की मांग और आपूर्ति के बीच 15-20 गीगावॉट (GW) की कमी हो सकती है. ऐसे में अगर अभी से एहतियाती कदम नहीं उठाए गए तो भारी लोड शेडिंग करना पड़ सकता है.
इंडियन एक्सप्रेस ने NLDC की एक रिपोर्ट के हवाले से बताया है कि इस साल मई का महीना सबसे ज्यादा मुश्किल महीना साबित होगा. वहीं इसके बाद के महीनों में भी बिजली की भारी मांग बनी रहेगी. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इन महीनों में बिजली की मांग चरम पर पहुंचने और नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन में संभावित उतार-चढ़ाव के कारण सिस्टम की कमजोरियां बढ़ सकती हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछली गर्मियों में भारत में (सभी राज्यों में अलग अलग दिनों को जोड़ कर) 536 हीटवेव के दिन रिकॉर्ड किए गए थे, जो 14 वर्षों में सबसे अधिक थे. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, हर साल बढ़ती गर्मी से आने वाले दिनों में हेल्थ इमरजेंसी जैसे हालात पैदा हो सकते हैं. इसके लिए अभी से तैयारी शुरू करनी होगी. मौसम वैज्ञानिक इस साल गर्मी का मौसम लंबारहने की संभावना भी व्यक्त कर रहे हैं. देश के कई इलाकों में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.