जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आज आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला किया. इस हमले में 3 पर्यटक और 2 पर्यटक घायल हुए हैं. इसमें से एक की मौत हो गई. आतंकियों की तलाशी के लिए सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके के घेर लिया है और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. यह घटना दक्षिण कश्मीर के पहलगाम इलाके में हुई, जो पर्यटकों के बीच लोकप्रिय है. गर्मी के मौसम में हजारों की संख्या में टूरिस्ट इस इलाके में घूमने के लिए पहुंचे हुए हैं. आतंकी संगठन टीआरएफ पर हमले के आरोप लग रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक, आतंकियों ने नाम पूछकर पर्यटकों पर गोलियां बरसाई.
खुफिया एजेंसी के सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में आतंकी संगठन टीआरएफ का नाम सामने आ रहा है. बताया जा रहा है कि हमलावर पुलिस यूनिफॉर्म में थे और उनकी तादाद 2 से 3 थी. खास तौर पर टूरिस्ट को निशाना बनाने के लिए इस हमले को अंजाम दिया गया.
पिछले साल मई में भी हुआ था हमला
स्थानीय लोगों का कहना है कि आतंकियों के हमले में कम से कम 6 टूरिस्ट घायल हुए हैं. सुरक्षाबलों ने सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिये अस्पताल पहुंचाया है. पूरे इलाके को घेर लिया गया है. बीजेपी नेता रविंद्र रैना ने कहा, दक्षिण कश्मीर के पहलगाम मे हुए आतंकी हमले मे शामिल आतंकवादियों का जल्द सफाया होगा , आतंकियों के मददगारों को भी नही बक्शा जाएगा.इससे पहले पिछले साल मई में आतंकी हमला हुआ था, जिसमें एक टूरिस्ट कपल घायल हो गया था.
पर्यटकों का पसंदीदा स्थान है पहलगाम
दरअसल, जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के सफाया के लिए पिछले कुछ महीने से बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है. माना जा रहा है कि सुरक्षाबलों के एक्शन से आतंकी बौखला गए हैं. इसलिए वो आम जनता को निशाना बना रहे हैं. अभी गर्मियों की छुट्टियां भी होने वाली हैं, ऐसे में बड़ी संख्या में पर्यटक अपने परिवार के साथ घूमने के लिए निकलते हैं. गर्मियों की छुट्टियों में पहलगाम में पर्यटकों की अच्छी खासी मौजदूगी देखने को मिलती है.
दूसरे पर्यटकों को पहलगाम जाने से रोका गया
सूत्रों के मुताबिक, आतंकी हमले के बाद सुरक्षाबलों और स्थानीय पुलिस ने दूसरे पर्यटकों के पहलगाम जाने पर फिलहाल रोक लगा दी है. पूरे इलाके को खाली करा लिया गया है और चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाबलों के जवानों की तैनाती की जा रही है ताकि वहां छिपे आतंकियों का सफाया किया जा सके.